विनोद खन्ना को सलमान का ट्रिब्यूट

Entertainment

पूरे बॉलीवुड में विनोद खन्ना के निधन से शोक की लहर है, मगर उनका दु:ख ज़्यादा है, जिन्होंने पिछले कुछ सालों में विनोद खन्ना के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया है। ऐसे लोगों में सलमान ख़ान, अरबाज़ ख़ान और सोनाक्षी सिन्हा भी शामिल हैं।

विनोद खन्ना के साथ सलमान की सबसे ताज़ा याद 2012 की फ़िल्म ‘दबंग 2’ है, जो 2010 में आई ‘दबंग’ का सीक्वल है। ‘दबंग’ में सलमान ख़ान ने गर्म-मिज़ाज लेकिन मज़ाकिया इंस्पेक्टर चुलबुल पांडेय का रोल निभाया था। विनोद खन्ना फ़िल्म में उनके सौतेले पिता प्रजापति पांडेय के रोल में थे, जबकि डिंपल कपाड़िया ने मां का रोल निभाया था। अरबाज़ ख़ान सलमान के सौतेले भाई के रोल में नज़र आए। ‘दबंग’ में सलमान और विनोद के किरदारों के बीच छत्तीस का आंकड़ा दिखाया गया था, मगर क्लाइमेक्स में दोनों ने गिले-शिकवे माफ़ कर दिए। ‘दबंग’ के क्लाइमेक्स में शुरू हुई बांडिंग अगले भाग ‘दबंग 2’ में जारी रही, जिसके चलते सलमान और विनोद खन्ना के बीच कुछ दिलचस्प दृश्य भी देखने को मिले।

उन्हीं पलों को याद करते हुए सलमान ने ट्वीटर पर विनोद खन्ना के साथ अपनी फोटो शेयर की है और श्रद्धांजलि दी है। सलमान ने लिखा है, ”अलविदा विनोद खन्ना सर। आपकी सच में बहुत याद आएगी।”