अभिनेता विनोद खन्ना इन दिनों बीमार चल रहे हैं और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। कल इस अभिनेता के परिवार के तरफ से एक बयान जारी कर बताया गया कि विनोद खन्ना अब पहले से ठीक हैं और जल्द ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्च किया जाएगा। इस अभिनेता के बेटे राहुल खन्ना ने जारी स्टेटमेंट में कहा, ‘उन्हें डिहाइड्रेशन की समस्या की वजह से शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनकी हालत में बहुत तेजी से सुधार हो रहा है और डॉक्टर जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज करने वाले हैं। हमारा पूरा परिवार हॉस्पिटल के असाधारण देखभाल के लिए आभारी है।’अस्पताल में विनोद खन्ना के साथ उनकी पत्नी कविता मौजूद हैं जो खुद उनका ख्याल रख रही हैं। कविता ने बयान में कहा है, ‘अभी विनोद जी की तबियत लगाता सुधर रही है और वो पहले से काफी ठीक हैं। डॉक्टर जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने के बारे में सोच रहे हैं। आप लोगों की दुआओं और शुभकामनाओं के लिए हमारा परिवार आभारी है।’परिवार के अलावा हॉस्पिटल ने भी इस अभिनेता की तबियत को लेकर बयान जारी किया है। इस बयान में लिखा है, ‘विनोद खन्ना को एच।
एन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में शुक्रवार को डिहाइड्रेशन के बाद एडमिट कराया गया था। डॉक्टर उनका ध्यान रख रहे हैं और उनकी तबियत अब स्थिर है। उनके परिवार ने शुभचिंतको को उनकी शुकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है और अनुरोध किया है कि उनकी प्राइवेसी का सम्मान किया जाए।’आपको बता दें कि विनोद खन्ना की एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें ये अभिनेता काफी बीमार दिख रहे हैं। इस तस्वीर में विनोद खन्ना के साथ उनकी पत्नी कविता और बेटे साक्षी खन्ना हैं। इस तस्वीर में विनोद खन्ना को पहचानना मुश्किल लग रहा है। हालांकि इस तस्वीर के बारे में परिवार ने कोई बयान नहीं दिया है इसलिए ये कहना मुश्किल है कि ये तस्वीर असली है या नकली। हां, फैंस ये जरूर दुआ कर रहे हैं कि विनोद खन्ना जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटें।