शहरी भागदौड़ में उपजे तनाव को दूर करने के लिए लोग घरों को सुकून का आशियाना बनाना चाहते हैं। लाइफस्टाइल में प्राकृतिक तत्वों को जगह दे रहे हैं। इन दिनों घरों को सजाने के लिए फाउंटेन की लोकप्रियता बढ़ रही है।
डिजाइनर व आर्किटेक्ट अब लकड़ी के मूल स्वरूप को छेड़े बिना उसे खूबसूरत फाउंटेन व कृत्रिम जल स्त्रोत का रूप दे रहे हैं। लोग वास्तु के अनुसार भी घरों में इसे जल तत्व का प्रभाव बढ़ाने के लिए लगवा रहे हैं। फाउंटेन बढ़ा रहे हैं लिविंग रूम व लॉन की खूबसूरती: घरों में फव्वारा लगवाना किसी जमाने में बड़े स्टाइल स्टेटमेंट के रूप में देखा जाता था। यह बहुत कम लोगों के घरों में होता था।
आर्किटेक्चर व डिजाइनिंग के क्षेत्र में क्रांति के इस दौर में न केवल इन फव्वारों का पारंपरिक स्वरूप बदला है, बल्कि यह पूरी तरह से प्राकृतिक लगने वाले रूप में पसंद किए जा रहे हैं। घरों के आकार के आधार पर यह फाउंटेन विशेष रूप से बनाए जा रहे हैं। मिलती है सकारात्मक ऊर्जा: तनाव व परेशानियों से बचने के लिए लोग वास्तु को भी मानते हैं। वास्तुविद् ऋषभ के मुताबिक जल तत्व से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे में वे लोगों को घरों में इस तरह से लगातार प्रवाहित होते जल के स्नोत रखने की सलाह देते हैं।
लोगों में इसकी लोकप्रियता इसीलिए और बढ़ रही है। ऊपर से लकड़ी से निकलने वाले जल के और भी फायदे बताए जाते हैं। ऋषभ के मुताबिक उत्तर पूर्व दिशा में वुडन फाउंटेन लगाने से स्वास्थ व समृद्धि के लिए सहायक होता है।