इस्लामाबाद के इमामबाड़े में जुमे की नमाज के दौरान सुसाइड ब्लास्ट, 25 लोगों की मौत

Highlights इस्लामाबाद के तरलाई इमामबाड़े में सुसाइड ब्लास्ट, 25 लोगों की मौत। हमलावर ने इमामबाड़े के गेट पर खुद को उड़ाया, 50 से ज्यादा लोग घायल। ब्लास्ट के बाद राजधानी में इमरजेंसी लागू, PIMS और पॉलीक्लिनिक में घायलों का इलाज।

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां तरलाई इलाके में स्थित इमामबाड़े में जुमे की नमाज के दौरान एक सुसाइड ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 50 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। पुलिस के मुताबिक, ब्लास्ट उस समय हुआ जब इमामबाड़े में नमाज अदा की जा रही थी और वहां काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। जानकारी के मुताबिक, सुसाइड बॉम्बर ने खुद को इमामबाड़े के गेट पर उड़ा दिया। इस ब्लास्ट की आवाज काफी दूर तक सुनी गई। 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। ब्लास्ट के बाद इस्लामाबाद में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। घायलों को बेहतर उपचार के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और पॉलीक्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। PIMS के प्रवक्ता के अनुसार, अस्पताल के मुख्य इमरजेंसी वार्ड और बर्न सेंटर को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके। 

यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब इस्लामाबाद पहले ही सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है। गौरतलब है कि इससे करीब तीन महीने पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के जी-11 सेक्टर में डिस्ट्रिक्ट और सेशंस कोर्ट के बाहर एक सुसाइड ब्लास्ट हुआ था। उस हमले में 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसके अलावा कुछ दिन पहले ही अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान प्रांत के कई जिलों को एक साथ निशाना बनाया था।

हमलवारों ने पुलिस स्टेशनों और सरकारी प्रतिष्ठानों समेत कई अन्य जगहों पर भी हमले किए थे। BLA के मुताबिक, इन हमलों में 80 से 300 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। इन हमलों के बाद पाकिस्तान प्रशासन ने काउंटर-ऑपरेशन शुरू किया था, जिसमें उनके मुताबिक 200 से अधिक विद्रोही मारे गए थे।

Related News