इंदौर में EV चार्जिंग के दौरान धमाका, 8 लोगों की मौत, 4 घायल

Highlights EV चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से धमाका, घर में लगी भीषण आग। हादसे में 8 लोगों की मौत और 4 घायल, सिलेंडर फटने से बढ़ी तबाही। ज्वलनशील सामान और इलेक्ट्रॉनिक लॉक ने बचाव कार्य को और मुश्किल बनाया।

इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स इलाके में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां एक तीन मंजिला मकान के बाहर इलेक्ट्रिक गाड़ी (EV) चार्ज करते समय अचानक धमाका हो गया। इस धमाके के बाद इतनी भीषण आग लगी कि इसके कारण 8 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य लोग घायल हो गए। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि यह हादसा सुबह करीब 3:30 से 4:30 बजे के बीच हुआ था। घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। तभी चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ और एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद कार ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई।

यह हादसा और भी भयानक इसलिए हो गया, क्योंकि घर के अंदर लगभग 10 सिलेंडर रखे हुए थे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचने के बाद काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। आग के कारण एक के बाद एक कई सिलेंडर फट गए, जिससे स्थिति और भी विकट हो गई। बताया जा रहा है कि इस घर के मालिक मनोज पुगालिया का पॉलीमर का बिजनेस था, जिसके कारण घर के अंदर कुछ ज्वलनशील पदार्थ भी मौजूद थे, जिसने आग में घी का काम किया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, घर के दरवाजों में इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे हुए थे, जिससे पुलिस के लिए अंदर घुसना मुश्किल हो गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश के शहरी विकास एवं आवास तथा संसदीय मामलों के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर शोक जताते हुए कहा, "यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। EV के चार्जिंग पॉइंट से आग लगी, जो चिंता का विषय है। हमने अधिकारियों से घटना की जांच के लिए एक एक्सपर्ट कमेटी गठित करने का अनुरोध किया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की जा सके।" इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी इस हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related News