महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार का अंतिम संस्कार आज, 29 जनवरी 2026 को उनके पैतृक क्षेत्र बारामती में किए जाने की तैयारी है। कल सुबह एक विमान हादसे में उनका निधन हो गया, जिसके बाद से राज्यभर में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार में देश के कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अजित पवार को श्रद्धांजलि देने के लिए बारामती पहुंच सकते हैं। अमित शाह का दौरा लगभग तय माना जा रहा है, जबकि पीएम मोदी के आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तैयारियों में जुटी हुई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी वहां पहुंचेंगे। इनके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी वहां पहुंचेंगे। फिलहाल गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे जैसे नेता वहां पहुंच चुके हैं।
अजित पवार के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड ले जाया जा रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता अपने नेता को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं और पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है। शरद पवार और सुप्रिया सुले सहित पूरा परिवार पहले से ही विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड पहुंच चुका हैं।
यह हादसा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब अजित पवार का विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खराब मौसम और कम दृश्यता हादसे की वजह है। इस दुर्घटना में अजित पवार के साथ दो पायलट, एक सुरक्षा अधिकारी और एक विमान अटेंडेंट की भी मौत हो चुकी है।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। अजित पवार को राज्य की राजनीति का एक प्रभावशाली नेता माना जाता था और बारामती के विकास में उनकी भूमिका अहम बताई जाती है। जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब 11 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।