अर्जुन तेंदुलकर ने सानिया चंडोक से की शादी, कई सितारों और खिलाड़ियों का रहा जमावड़ा

Highlights सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने आज अपनी मंगेतर सानिया चंडोक से शादी कर ली है। इस विवाह समारोह में क्रिकेट और फिल्मी जगत के कई बड़े नाम नजर आए। सानिया सफल उद्योगपति और ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती है।

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के घर आज खुशियों का माहौल है। उनके बेटे और उभरते हुए खिलाडी अर्जुन तेंदुलकर ने आज अपनी मंगेतर सानिया चंडोक से शादी कर ली है। ये शादी आज 5 मार्च को मुंबई के एक बेहद आलीशान वेन्यू "द सेंट रेजिस" में धूमधाम से संपन्न हुई। इस शादी की चर्चा काफी लंबे समय से सोशल मीडिया पर चल रही थी और आज अंततः अर्जुन और सानिया एक दूसरे के जीवनसाथी बन ही गए। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। इस अवसर पर सचिन तेंदुलकर और उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर दोनों बहुत खुश नजर आए। इस शुभ अवसर पर अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर भी बहुत सुंदर नजर आईं।

ये शादी किसी फिल्मी समारोह से कम नहीं थी। इस स्टार-स्टडेड शादी में क्रिकेट और बॉलीवुड जगत की तमाम बड़ी हस्तियां शामिल हुई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और लेजेंड महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ पहुंचे, जिन्हें देखते ही वहां मौजूद लोगों में उत्साह भर गया। उनके अलावा युवराज सिंह व उनकी पत्नी हेजल कीच, गौतम गंभीर और हरभजन सिंह सहित अन्य कई दिग्गज क्रिकेटर्स भी अर्जुन-सानिया को बधाई देने पहुंचे। बॉलीवुड से भी कई बड़े नाम इस शादी की रौनक बढ़ाने के लिए पहुंचे। अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन को एकसाथ देखकर फैंस बहुत खुश हुए। बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाहरूख खान और मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान भी शादी में पहुंचे और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी पत्नी जया बच्चन के साथ इस विवाह समारोह में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर मुकेश अंबानी और नीता अंबानी भी अपने बेटे आकाश और बहू श्लोका के साथ नजर आए। उनकी मौजूदगी ने इस समारोह को और भी अधिक भव्य बना दिया। जानकारी के लिए बता दें कि सानिया एक सफल बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती है। वो मशहूर उद्योगपति रवि घई की पोती हैं, जो ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन है। ग्रेविस ग्रुप भारत और सार्क क्षेत्र में बास्किन रॉबिन्स की मास्टर फ्रेंचाइजी रखने के लिए जाना जाता है। ये ग्रुप मुंबई में इंटरकॉन्टिनेंटल मरीन ड्राइव और मेफेयर बैंक्वेट्स को मैनेज करता है।

अर्जुन और सानिया एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं और पिछले साल अगस्त 2025 में दोनों ने सगाई की थी। शादी से पहले जामनगर और मुंबई में कई प्री-वेडिंग फंक्शन भी हुए थे, जिसकी खबरें काफी वायरल हुई थीं। अब अर्जुन अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। वे फिलहाल घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा हैं। फैंस की ओर से इस नए जोड़े को भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं मिल रही हैं।

Related News