दिल्ली में सजेगा BCCI ‘नमन’ समारोह, द्रविड़-गिल समेत कई क्रिकेट सितारों को किया जाएगा सम्मानित

Highlights राहुल द्रविड़ को BCCI के ‘नमन’ समारोह में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिलेगा। शुभमन गिल को शानदार प्रदर्शन के लिए पॉली उमरीगर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। मिताली राज और युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे को भी समारोह में खास सम्मान मिलेगा।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अपने सालाना पुरस्कार समारोह "नमन" की तैयारी कर रहा है। 15 मार्च को राजधानी दिल्ली में होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट के दो बड़े सितारों, राहुल द्रविड़ और शुभमन गिल को सबसे बड़े सम्मान से नवाजा जाएगा। ये खबर क्रिकेटप्रेमियों के लिए बहुत उत्साहजनक है क्योंकि ये अवॉर्ड्स पिछले कुछ सालों के बेहतरीन प्रदर्शन को सराहने के लिए दिए जा रहे हैं। भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ को BCCI "कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड" से सम्मानित करने जा रहा है। ये सम्मान द्रविड़ के भारतीय क्रिकेट में दिए गए विशाल योगदान के लिए है। उन्होंने एक महान बल्लेबाज के रूप में तो देश की सेवा की ही है, साथ ही हेड कोच के रूप में भी भारतीय टीम को सफलता दिलाई।

भारतीय टीम के लिए तकरीबन 16 साल खेलते हुए उन्होंने 164 टेस्ट और 344 वनडे मैच खेले, जिनमें उन्होंने क्रमशः 13,288 और 10,889 रन बनाए। राहुल टेस्ट क्रिकेट में 10,000 या उससे अधिक रन बनाने की सूची में 5वें स्थान और वनडे फॉर्मेट में 11वें स्थान पर मौजूद है। कोच के तौर पर उनके ही मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने 2024 में टी-20 विश्व कप जीता था। इससे पहले 2018 में अंडर-19 भारतीय टीम को विश्व कप जिताने में भी उनकी अहम भूमिका रही है। द्रविड़ का ये सम्मान खेल के प्रति उनके समर्पण और अनुशासन की एक बड़ी पहचान है। इसमें कोई शक नहीं है राहुल द्रविड़ क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों और सबसे उत्कृष्ट खिलाड़ियों में से एक है।

वहीं दूसरी ओर युवा सितारे और वर्तमान में वनडे व टेस्ट फॉर्मेट के कप्तान शुभमन गिल को पॉली उमरीगर अवॉर्ड के लिए चुना गया है। साल 2025 शुभमन गिल के लिए किसी सपने की तरह रहा है। पिछले साल गिल ने सभी फॉर्मेट्स में 49 के औसत से 1,764 रन बनाए, जिसमें सात शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। शुभमन ने खासतौर पर वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में अपनी बल्लेबाजी से सभी की प्रभावित किया है। इससे पूर्व उन्हें 2023 में भी इस अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। दूसरी बार यह पुरस्कार मिलने के बाद वे सचिन तेंडुलकर और रविचंद्रन अश्विन जैसे महान खिलाड़ियों की कतार में शामिल हो जाएंगे।

इस समारोह में सिर्फ राहुल अथवा गिल को ही नहीं, बल्कि भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान और सबसे महान महिला क्रिकेटरों में शामिल मिताली राज को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। महिला क्रिकेट में मिताली के नाम पर कई रिकॉर्ड्स दर्ज है। मिताली महिला वनडे मैचों (WODIs) में 7,000 या उससे अधिक रन बनाने वाली एकमात्र महिला क्रिकेटर हैं। वह वनडे में लगातार सात अर्धशतक बनाने वाली पहली खिलाड़ी हैं। उनके नाम WODIs में सबसे अधिक अर्धशतकों का रिकॉर्ड भी है। साथ ही उभरते हुए खिलाड़ी आयुष म्हात्रे को भी घरेलू सीमित ओवरों के क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

आयुष म्हात्रे की कप्तानी में ही भारत ने 2026 अंडर-19 विश्व कप पर अपना कब्जा जमाया है। टी-20 विश्व कप 2026 के विजेताओं को भी इसी समारोह के दौरान आधिकारिक तौर पर 131 करोड़ रूपए की पुरस्कार राशि प्राप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा पिछले 1-2 वर्षों में आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली सभी पांच भारतीय टीमों को भी आमंत्रित कर पुरस्कृत किया जाएगा।

Related News