IPL 2026 से पहले BCCI के सख्त नए नियम : प्रैक्टिस, यात्रा और ड्रेस कोड में बड़े बदलाव

Highlights मैच के दिन पिच पर प्रैक्टिस पूरी तरह बैन, नेट प्रैक्टिस की सीमा तय। खिलाड़ियों के लिए टीम बस अनिवार्य, परिवार को अलग से आना होगा। पोस्ट प्रेजेंटेशन सेरेमनी में स्लीवलेस जर्सी पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन उससे पहले ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कुछ नए नियम लागू कर दिए हैं। BCCI के नए नियमों के मुताबिक, अब कोई भी टीम मैच वाले दिन पिच पर प्रैक्टिस नहीं कर सकेगी। इस नियम का उद्देश्य पिच को असल खेल के लिए सुरक्षित रखना है। इसके अलावा नेट प्रैक्टिस की सीमा भी तय कर दी गई है। टीमों को प्रैक्टिस एरिया में 2 नेट्स और मेन स्क्वायर पर साइड की एक विकेट रेंज हिटिंग के लिए मिलेगी। यदि कोई एक टीम अपनी प्रैक्टिस जल्दी समाप्त कर लेती है, तो दूसरी टीम उसके हिस्से का विकेट इस्तेमाल नहीं कर पाएगी। एक ओर बदलाव खिलाड़ियों के निजी जीवन और अनुशासन से जुड़ा है। 

अब खिलाड़ियों को स्टेडियम जाने के लिए ऑफिशियल टीम बस का ही इस्तेमाल करना होगा। खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य अथवा दोस्त उनके साथ टीम बस में सफर नहीं कर पाएंगे। अगर वे मैच या प्रैक्टिस देखने आना चाहते हैं, तो उन्हें अलग गाड़ी से सफर करना होगा और वे सिर्फ हॉस्पिटैलिटी एरिया में ही बैठ सकेंगे। BCCI ने खिलाड़ियों के पहनावे को लेकर भी निर्देश दिए हैं। ऑरेंज और पर्पल कैप जीतने वाले खिलाड़ियों को मैच के पहले दो ओवरों तक उसे पहनना अनिवार्य होगा, ताकि ब्रॉडकास्टर्स उन्हें साफ दिखा सकें। मैच के बाद होने वाले प्रेजेंटेशन में बिना आस्तीन वाली जर्सी पहनने की अनुमति नहीं है। इसका पालन न करने पर, पहली बार चेतावनी दी जाएगी। दूसरी बार ऐसा होने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। 

इतना ही नहीं, खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ LED बोर्ड के सामने नहीं बैठेंगे और न ही प्रैक्टिस के दौरान उन पर बॉल मारेंगे। स्पॉन्सरशिप टीम फील्ड ऑफ प्ले पर उन जगहों को चिह्नित करेगी, जहां टॉवेल और पानी की बोतलें लेकर आने वाले सब्स्टीट्यूट बैठ सकते हैं। इसके अलावा मैच के दिनों में, IPL 2025 सीजन की तरह, सिर्फ 12 ऑथोराइज्ड सपोर्ट स्टाफ को ही इजाजत होगी, जिसमें टीम डॉक्टर भी शामिल हैं।

Related News