लाल किले में हुआ भारत पर्व 2026 का शानदार शुभारंभ, लोकसभा अध्यक्ष व पर्यटन मंत्री ने किया उद्घाटन

Highlights दिल्ली के लाल किले में भारत पर्व 2026 का किया गया आयोजन। इस महोत्सव में दर्शकों को विभिन्न राज्यों, मंत्रालयों की 30 झांकियां देखने को मिल रही है। कई प्रकार के खान-पान और हस्तशिल्प के स्टॉल्स द्वारा विभिन्न संस्कृतियों को जानने का मौका।

दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में 6-दिवसीय "भारत पर्व 2026" का शुभारंभ हो चुका है। गणतंत्र दिवस पर शुरू हुआ ये महोत्सव भारत की विविध संस्कृति, कला और खान-पान को एक ही मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से लोगों को विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की संस्कृति को देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल देश की पर्यटन क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

जो लोग गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर विभिन्न राज्यों की झांकियां नहीं देख पाए, उनके लिए भारत पर्व एक बेहतरीन अवसर है। महोत्सव में राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न मंत्रालयों की कुल 30 झांकियां प्रदर्शित की जा रही हैं, जो देश की संस्कृति, शौर्य और विकास को दर्शा रही है। भारत पर्व में विभिन्न मंत्रालयों के 20 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं। इसके अलावा 30 से अधिक राज्यों द्वारा भी विशेष पैविलियन लगाए गए हैं, ताकि लोग वहां की संस्कृति को नज़दीक से जान पाए।

खान-पान प्रेमियों के लिए भारत पर्व विशेष आकर्षण का केंद्र है। यहां बने एक विशाल फूड कोर्ट में भारत भर के व्यंजनों को प्रदर्शित करने वाले 60 स्टॉल और लाइव कुकिंग डेमोस्ट्रेशन शामिल हैं। इसके साथ ही हस्तशिल्प और हथकरघा के भी कई स्टॉल लगाए गए हैं। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बैंडों द्वारा अलग-अलग प्रस्तुतियां दी जा रही है। साथ ही राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की मंडलियों, उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, संगीत नाटक अकादमी और लोकप्रिय कलाकारों द्वारा 40 से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। ये शानदार पर्व 26 जनवरी से शुरू हो चुका है, जो 31 जनवरी तक चलेगा। ये दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा। इस बार का भारत पर्व इसलिए भी खास है, क्योंकि इसे भारत के राष्ट्रगीत "वंदे मातरम" के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।

Related News