बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज लेंगे राज्यसभा सांसद पद की शपथ

Highlights मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 30 मार्च को बिहार विधान परिषद में MLC पद से इस्तीफा दे चुके है। कयास लगाए जा रहे है की नीतीश 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे सकते है। हरिवंश नारायण सिंह को भी मनोनीत सदस्य के रूप में राज्यसभा भेजा गया है।

बिहार की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के प्रमुख (JDU) नीतीश कुमार आज राज्यसभा के सांसद पद की शपथ लेंगे। नीतीश इससे पहले 30 मार्च को बिहार विधान परिषद में MLC पद से इस्तीफा दे चुके हैं। गुरूवार को नीतीश दिल्ली पहुंचे और बाद में उन्होंने पुष्टि की कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। मीडिया से बात करते हुए नीतीश ने कहा, "मैं शपथ लेने आया हूं। हम 20 वर्षों से अधिक समय तक बिहार में रहे हैं और एक बार फिर हम दिल्ली में होंगे।" कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन भी हो सकता है।

नीतीश के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा। इसी संबंध में दिल्ली में एक मीटिंग भी बुलाई गई है, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, भाजपा-बिहार अध्यक्ष संजय सरावगी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जैसे नेता मौजूद रहेंगे। इसी बीच एक और अहम खबर सामने आई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के निवर्तमान उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को राज्यसभा के मनोनीत सदस्य के रूप में नॉमिनेट किया है। हरिवंश का राज्यसभा कार्यकाल 9 अप्रैल को ही समाप्त हुआ है। हरिवंश इससे पूर्व बिहार से 2014 से 2026 तक राज्यसभा सासंद रहे हैं। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) रंजन गोगोई का कार्यकाल समाप्त होने के बाद रिक्त हुई सीट को भरने के लिए हरिवंश को मनोनीत किया गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में बिहार के मंत्री और JDU नेता विजय चौधरी ने कहा, "राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेने के बाद, वो CM पद से इस्तीफा दे देंगे। 2-3 दिन इंतजार कीजिए। पूरा NDA एक साथ कह रहा है, भाजपा नेता बोल रहे हैं, गठबंधन की दूसरी पार्टियों के नेता बोल रहे हैं कि नीतीश कुमार ने बिहार में 20 सालों में जो काम किया है, हम उसे ही आगे बढ़ाएंगे। नीतीश मॉडल पर चलकर बिहार ने जो ऊंचाइयां हासिल की हैं, जिसे दूसरे राज्यों के लोग भी अपनाते हैं, हम उसी के साथ आगे बढ़ेंगे। हमें नीतीश कुमार की विरासत को लेकर आगे बढ़ना है।" इस मामले में JDU के प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा, "NDA का शीर्ष नेतृत्व नीतीश कुमार की सहमति से बिहार के अगले मुख्यमंत्री के बारे में फैसला लेगा।"

Related News