राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को राज्यसभा भेजेगी भाजपा, 9 उम्मीदवारों की पहली सूची आई सामने

Highlights भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों की पहली सूची की जारी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बिहार से राज्यसभा का टिकट मिला। असम, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और हरियाणा से भी अनुभवी नेताओं को मौका दिया गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपनी कमर कस ली है। आज यानी 3 मार्च को पार्टी ने अपने 9 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला और बड़ा नाम नितिन नबीन का है, जो वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पार्टी ने बिहार से उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। बिहार से नबीन के अलावा पूर्व विधायक शिवेश कुमार को भी भाजपा ने राज्यसभा में भेजने का फैसला किया है।

नितिन नबीन को उच्च सदन में भेजने का फैसला काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। वहीं पश्चिम बंगाल की बात करें तो वहां से अनुभवी नेता राहुल सिन्हा को मैदान में उतारा गया है। राहुल सिन्हा 2009 से 2015 तक पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजकर अपने कार्यकर्ताओं को एक बड़ा संदेश देना चाहती है।

भाजपा ने अपनी इस पहली सूची में केवल बिहार या पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा और ओडिशा के उम्मीदवारों की भी घोषणा की है। असम से पार्टी ने वर्तमान कैबिनेट मंत्री जोगेन मोहन और पूर्व विधायक तेराश गोवाला को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं ओडिशा से भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को राज्यसभा का टिकट दिया गया है।

सामल पहले भी राज्यसभा सांसद और ओडिशा कैबिनेट में मंत्री रह चुके हैं। वहीं सुजीत कुमार पहले बीजू जनता दल में थे और बाद में भाजपा में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ में पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा पर भरोसा जताया है। लक्ष्मी इससे पूर्व भाजपा छत्तीसगढ़ की उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। बात करें हरियाणा की तो वहां से पूर्व लोकसभा सांसद संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया गया है। संजय भाजपा हरियाणा के महासचिव रह चुके हैं।

यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 37 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होना है, जिनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है। भाजपा ने अपनी पहली सूची में उन नेताओं को प्राथमिकता दी है जिन्होनें संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई हैं। नितिन नबीन का राज्यसभा जाना यह साफ करता है कि पार्टी उन्हें अब राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक एक्टिव मोड में देखना चाहती है।

Related News