मुंबई महानगरपालिका (BMC) के आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गईं हैं। भाजपा ने आज अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस पहली लिस्ट में 66 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गईं हैं। पार्टी ने इस बार ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी है, जिनकी ज़मीनी पकड़ मज़बूत मानी जाती है।
भाजपा की इस लिस्ट में नए और पुराने नामों का मिश्रण है। कोलाबा क्षेत्र से महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष मिलिंद नार्वेकर के भाई मकरंद नार्वेकर और उनकी पत्नी हर्षिता को एक बार फिर मैदान में उतारा गया है। मकरंद वार्ड नं. 226 तो हर्षिता 227 से चुनाव लड़ेंगी। इसके अलावा दहिसर से तेजस्वी घोसाळकर मैदान में उतरेंगी। पार्टी ने अन्य ज़रूरी सीटों पर भी अपने पुराने पार्षदों को जगह दी है, जिनमें वार्ड नं. 221 से आकाश पुरोहित, 218 से स्नेहल तेंदुलकर, 219 से सनी सानप शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व लोकसभा सांसद किरीट सोमैया के बेटे नील सोमैया का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। नील वार्ड नं. 107 से चुनाव लड़ेंगे। पहली लिस्ट को देखकर लगता है कि भाजपा उन सीटों पर कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं, जहां वो पहले से ही मज़बूत स्थिति में है।
भाजपा यह चुनाव NDA की अपनी सहयोगी पार्टी शिवसेना के साथ लड़ रही है। इतना ही नहीं BMC की 227 सीटों में से 207 सीटों पर भाजपा की शिवसेना के साथ आपसी सहमति भी बन चुकी है। बाकी उम्मीदवारों की घोषणा अगली लिस्ट में की जाएगी, जब सहयोगी पार्टी के साथ तालमेल फाइनल हो जाएगा। दिलचस्प बात है की अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी इस बार अलग चुनाव लड़ रही है। उन्होंने अपने 37 उम्मीदवार भी घोषित कर दिए हैं। वहीं चुनाव की तारीख की बात करें तो राज्य के चुनाव आयोग ने उन्हें पहले ही घोषित कर दिया था। नामांकन करने की अंतिम तारीख कल यानी 30 दिसंबर है। मतदान 15 जनवरी को तो परिणाम 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।