महाराष्ट्र की बारामती एवं राहुरी और गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर हो रहे उप-चुनाव

Highlights गुजरात के उमरेठ में सुबह 11 बजे तक 25.65% वोटर टर्नआउट दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र की राहुरी विधानसभा सीट पर 18.22% वोटिंग दर्ज की गई है। हाई-प्रोफाइल बारामती विधानसभा क्षेत्र में 20.55% मतदान दर्ज किया गया है।

जहां एक और तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मतदान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में उप-चुनाव भी जारी है। महाराष्ट्र की 2 और गुजरात की एक सीट पर उप-चुनाव हो रहे हैं। महाराष्ट्र में बारामती और राहुरी, वहीं गुजरात की उमरेठ सीट पर विधायक चुनने के लिए मतदान जारी है। इन सीटों पर निर्वचित उम्मीदवारों की मृत्यु हो जाने के कारण बाय-इलेक्शन की जरूरत पड़ गई। सुबह 11 बजे तक उमरेठ में 25.65%, बारामती में 20.55% और राहुरी में 18.22% वोटिंग टर्नआउट दर्ज किया गया है।

गुजरात की उमरेठ सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से हर्षदभाई गोविंदभाई परमार मैदान में उतरे हैं, वहीं कांग्रेस की ओर भृगुराजसिंह प्रतापसिंह चौहान चुनाव लड़ रहे हैं। 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों में हर्षदभाई के पिता और BJP कैंडिडेट गोविंदभाई परमार इस सीट से विजयी हुई थे। 2017 में गोविंदभाई ने पहली बार इस विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी। 83 वर्षीय परमार का मार्च 2026 में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।

महाराष्ट्र की राहुरी सीट पर BJP से अक्षय शिवाजीराव कर्डिले प्रत्याशी हैं। दूसरी ओर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (NCP-SP) ने गोविंदराव खंडू मोकाटे को अपने उम्मीदवार के तौर पर उतारा है। 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में इस सीट से BJP कैंडिडेट और अक्षय के पिता शिवाजीराव भानुदास कर्डिले ने जीत हासिल की थी। शिवाजीराव इससे पूर्व 2009 से 2019 तक राहुरी और 1995 से 2009 तक अहमदनगर नॉर्थ से विधायक रह चुके थे। 66 वर्षीय कर्डिले की अक्टूबर 2025 में कार्डियक अरेस्ट के कारण मौत हो गई थी।

अंत में उल्लेख करें हाई-प्रोफाइल बारामती विधानसभा क्षेत्र का, तो जनवरी 2026 में विमान हादसे में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद ये सीट खाली हो गई थी। 1991 से 2026 तक इस सीट पर लगातार उनका ही कब्जा रहा था। उनकी असामयिक मौत के बाद उनकी पत्नी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार इस सीट से खड़ी हुई हैं। सुनेत्रा पवार जनवरी से ही महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री भी हैं। हालांकि वो अब तक किसी अन्य सीट से विधायक या बतौर MLC चुनकर नहीं आईं हैं। इस चुनाव में उनकी विजय लगभग तय ही समझिए, क्योंकि किसी भी अन्य प्रमुख दल ने अपना कैंडिडेट नहीं उतारा है।

Related News