चंद्र ग्रहण के कारण टला धुरंधर : द रिवेंज का ट्रेलर, फैंस को नई तारीख का इंतजार

Highlights खबरों के मुताबिक, चंद्र ग्रहण की वजह से धुरंधर : द रिवेंज का ट्रेलर रिलीज टला। आज दोपहर 3.20 बजे से ग्रहण शुरू हो चुका है, जो शाम 6.47 बजे तक चलेगा। चर्चा है कि अब ट्रेलर को 5 या 6 मार्च को रिलीज किया जा सकता है।

मशहूर अभिनेता रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म धुरंधर: द रिवेंज को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि ताज़ा खबरों ने उन्हें थोड़ा निराश कर दिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म का ट्रेलर, जो आज यानी 3 मार्च को रिलीज होने वाला था, उसे फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया है।

इस देरी के पीछे एक दिलचस्प वजह सामने आई है। खबरों की मानें तो फिल्म के मेकर्स ने चंद्र ग्रहण के कारण ट्रेलर की रिलीज टालने का फैसला किया है। दरअसल, मान्यताओं के अनुसार ग्रहण के समय को किसी भी नए काम की शुरुआत के लिए शुभ नहीं माना जाता। आज दोपहर 3.20 बजे से ग्रहण शुरू हो चुका है, जो शाम 6.47 बजे तक चलेगा। सूतक काल भी सुबह 6.20 बजे से प्रारंभ हो चुका है। शायद यही वजह है कि मेकर्स ने कोई जोखिम न लेते हुए ट्रेलर को पोस्टपोन करना बेहतर समझा।

धुरंधर का पहला भाग 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुआ। इस फिल्म ने दुनियाभर में 1300–1400 करोड़ रूपए की कमाई की थी और कई रिकॉर्ड तोड़े थे। यही कारण है कि फिल्म के अगले भाग से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। फिल्म के दूसरे भाग में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी, सारा अर्जुन और दानिश पंडोर जैसे अभिनेता नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि फिल्म में अक्षय खन्ना भी फ्लैशबैक अपीयरेंस में दिखाई दे सकते हैं। फिल्म के पहले भाग की अपार सफलता में अक्षय की प्रमुख भूमिका रही थी।

एक और खास बात जो इस फिल्म को लेकर चर्चा में है, वह है इसका रनटाइम। बताया जा रहा है कि फिल्म लगभग 4 घंटे लंबी हो सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह बॉलीवुड की सबसे लंबी फिल्मों में से एक हो सकती है। फिल्म को 19 मार्च को रिलीज करने की तैयारी है, जहां इसका मुकाबला साउथ के सुपरस्टार यश की फिल्म "टॉक्सिक" से होने वाला है। फिलहाल ट्रेलर की नई रिलीज डेट को लेकर कन्फर्मेशन का इंतजार है, लेकिन चर्चा है कि यह अब 5 या 6 मार्च को रिलीज किया जा सकता है।

Related News