भारत मंडपम में हुआ बवाल : एआई समिट के बीच यूथ कांग्रेस का शर्टलेस प्रदर्शन, 4 लोग गिरफ्तार

Highlights एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की टी-शर्ट पर “PM Compromised” लिखा था। दिल्ली पुलिस ने 4 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने पहुंचाया।

नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे "इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट" के अंतिम दिन आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भारतीय यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने वेन्यू के अंदर घुसकर शर्टलेस होकर प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शनकारी हाथ में टी-शर्ट लेकर और नारे लगाते हुए समिट के मुख्य हिस्से तक पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक, यूथ कांग्रेस के करीब 8 से 10 कार्यकर्ता प्रवेश पास वाले क्यूआर कोड दिखाने के बाद अंदर दाखिल हुए। जैसे ही ये लोग मुख्य हॉल के पास पहुंचे, उन्होंने अपनी टी-शर्ट उतार दी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उनके हाथ में जो टी-शर्ट थी, उस पर "PM Compromised" लिखा हुआ था।

भारतीय यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने प्रदर्शन करने वाले अपने कार्यकर्ताओं का बचाव करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन देश भर के बेरोजगार युवाओं के गुस्से को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार विदेशी समझौतों के नाम पर किसानों और आम नागरिकों के हितों के साथ समझौता कर रही है और भारत-अमेरिका ट्रेड डील देश के लिए नुकसानदायक है। इससे सिर्फ अमेरिका को ही फायदा मिलेगा। किसानों और जनता की आवाज उठाना हमारा कर्तव्य है। हमारे देश में लोकतंत्र है और हम कहीं भी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इस घटना पर भाजपा के नेताओं ने बहुत कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय शर्म करार दिया है।

भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस घटना पर X पर लिखा, "ऐसे समय में जब भारत एक प्रतिष्ठित ग्लोबल एआई समिट की मेजबानी कर रहा है और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपने इनोवेशन और नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है, कांग्रेस पार्टी ने गरिमा की जगह व्यवधान को चुना। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समिट स्थल पर शर्टलेस होकर हंगामा किया, जो साफ तौर से भारत को विश्व मंच पर शर्मिंदा करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य था। जब देश ग्लोबल टेक्नोलॉजी पावरहाउस के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रहा है, तब ऐसा आचरण केवल उन लोगों के हितों की पूर्ति करता है जो भारत को असफल होते देखना चाहते हैं। राजनीतिक विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाना लोकतांत्रिक नहीं है।"

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके लिए एआई के मतलब एंटी-इंडिया है। उन्होंने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन में इस तरह का व्यवहार करना यह दिखाता है कि कांग्रेस देश की प्रगति से जलती है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 4 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है। इन कार्यकर्ताओं को तिलक मार्ग थाने ले जाया गया है। गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं की पहचान यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, संगठन के राष्ट्रीय समन्वयक नरसिम्हा यादव व बिहार तथा उत्तर प्रदेश इकाइयों के पदाधिकारी कुंदन यादव और अजय कुमार के रूप में हुई है।

Related News