दिल्ली में हाई अलर्ट : लाल किला-चांदनी चौक पर आतंकी हमले की आशंका से बढ़ाई गई सुरक्षा

Highlights खुफिया इनपुट के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी, लाल किला और चांदनी चौक पर खतरा। भीड़भाड़ वाले इलाकों और मंदिरों में IED हमले की आशंका, सुरक्षा कड़ी की गई। पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड तैनात, लोगों से सतर्क रहने की अपील।

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले और चांदनी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की फिराक में है। यह जानकारी मिलने के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। खबरों के मुताबिक, आतंकियों की योजना भीड़भाड़ वाली जगहों पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के जरिए हमला करने की है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, यह आतंकी साजिश 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए धमाके का बदला लेने के लिए रची जा रही है। यह कोशिश भारत में एक बड़े हमले के तहत की जा सकती है।

खुफिया एजेंसियों द्वारा मिले इनपुट में कहा गया है कि दिल्ली के अलावा भारत के विभिन्न हिस्सों में स्थित प्रमुख मंदिर भी आतंकी समूहों के निशाने पर हो सकते हैं। इसके जवाब में देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और राज्य पुलिस बलों को विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सख्त निगरानी रखने की सलाह दी गई है। अलर्ट जारी होते ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से मुस्तैद हो चुकी हैं। सभी धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और ऐतिहासिक इमारतों जैसी जगहों पर पुलिस द्वारा गश्त शुरू कर दी गई है। महत्वपूर्ण स्थानों पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड तैनात किए गए हैं। संवेदनशील जगहों पर सुरक्षाबलों द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है।

यह नई चेतावनी तब आई है जब दिल्ली 10 नवंबर 2025 के उस खौफनाक धमाके को अभी तक नहीं भूली है। उस वक्त लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में धमाका हुआ था, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक लोग घायल हो गए थे। उस मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने की थी। पुरानी घटना को देखते हुए इस बार प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता और हर संवेदनशील जगह पर सीसीटीवी के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

Related News