रिलीज से पहले ही धुरंधर : द रिवेंज का धमाका, एडवांस बुकिंग 120 करोड़ पार

Highlights फिल्म धुरंधर : द रिवेंज ने रिलीज से पहले ही वर्ल्डवाइड 120 करोड़ रूपए की एडवांस बुकिंग कर ली। फिल्म के पेड प्रीव्यूज से ही करीब 32 करोड़ रूपए की टिकटें बिक चुकी है। फिल्म 19 मार्च को रिलीज होगी और छुट्टियों के कारण 200 करोड़ तक की ओपनिंग की उम्मीद है।

अभिनेता रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म धुरंधर: द रिवेंज ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाना शुरू कर दिया है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अभी फिल्म को रिलीज होने में 2–3 दिन बाकी हैं, लेकिन इसकी एडवांस बुकिंग ने वर्ल्डवाइड 120 करोड़ रूपए का आंकड़ा पार कर लिया है। माना जा रहा है कि यह फिल्म साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनर साबित हो सकती है। फिल्म की सफलता का एक बड़ा हिस्सा विदेशी बाजारों और भारत के बड़े शहरों से आ रहा है। भारत में अब तक लगभग 60 करोड़ रूपए की एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जबकि विदेशी बाजारों से भी 60 करोड़ रूपए का कलेक्शन आ चुका है।

फिल्म ने उत्तरी अमेरिका में रिकॉर्डतोड़ प्री-सेल्स दर्ज की है। धुरंधर: द रिवेंज की खास बात यह है कि इसके पेड प्रीव्यूज को लेकर ही करोड़ों की टिकटें बिक चुकी हैं। अकेले पेड प्रीव्यूज से फिल्म ने करीब 32 करोड़ रूपए कमा लिए हैं। कुछ शहरों में तो आलम यह है कि प्रीमियम टिकट की कीमतें 2,500 से 3,000 रूपए तक पहुंच गई हैं, फिर भी लोग इसे पहले ही दिन देखने को बेताब हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक स्पाई-एक्शन थ्रिलर है, जिसमें रणवीर एक जासूस की भूमिका में नजर आएंगे। आगामी फिल्म का ट्रेलर भी पहले ही इंटरनेट पर धूम मचा चुका है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। अब तक यूट्यूब पर फिल्म के ट्रेलर को 69 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।

फिल्म 19 मार्च को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। उस दौरान गुड़ी पड़वा, ईद और रविवार जैसी छुट्टियों का भी फिल्म को पूरा-पूरा फायदा मिलने की उम्मीद है। जिस रफ्तार से बुकिंग चल रही है, उसे देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह फिल्म पहले ही हफ्ते में 200 करोड़ का आंकड़ा बड़ी आसानी से छू सकती है। यदि फिल्म की कहानी दर्शकों को पसंद आ गई, जो कि बिल्कुल हो सकता है, तो यह फिल्म कई पुराने रिकॉर्ड्स को बड़ी आसानी से तोड़ देगी। जानकारी के किए बता दें कि फिल्म के डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार जियोहॉटस्टार द्वारा 150 करोड़ रूपए में प्राप्त किए गए हैं।

Related News