एग्जिट पोल्स: पश्चिम बंगाल में पहली बार बन सकती है भाजपा सरकार, केरलम में फिर UDF की वापसी

Highlights एग्जिट पोल्स के अनुसार, असम में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाती हुई नजर आ रही है। तमिलनाडु में कहीं पर DMK, तो किसी स्थान पर AIADMK सरकार बनाती दिख रही है। पुडुचेरी में एक बार फिर, AINRC की सरकार बन सकती है।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान संपन्न हो चुके हैं। सेकंड फेज में भी बम्पर वोटिंग हुई है और 91.66% वोटर टर्नआउट दर्ज किया गया है। वहीं दोनों चरणों को मिलाकर कुल 92.47% वोटिंग हुई है। इस चुनाव में राज्य में अब तक का सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया है। इससे पूर्व 2011 के चुनाव में 84.72% वोटिंग हुई थीं। इसी के साथ चुनावी दौर भी फिलहाल खत्म हो चुका है और अब सभी की नजरें रिजल्ट्स डे यानी 4 मई पर टिकी हैं। इन नतीजों से पूर्व एग्जिट पोल्स सबके सामने आ चुके हैं, जिन पर भी थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है। एक नजर प्रत्येक पोलिंग एजेंसी के एग्जिट पोल्स पर।

यदि सबसे पहले बात करें असम की, तो यहां कुल 126 विधानसभा सीटें हैं और मेजोरिटी के लिए किसी पार्टी अथवा गठबंधन को 64 सीटों की जरूरत होती है। लगभग सभी एग्जिट पोल्स में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले गठबंधन नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) की वापसी होती हुई नजर आ रही है। BJP न केवल जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है, बल्कि संभवतः पहली बार बिना किसी सहयोगी दल के समर्थन के सरकार बना सकती है। पोलिंग एजेंसी पीपल्स पल्स के मुताबिक, NDA 83 से 91 सीटें प्राप्त कर सकता है। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन असम सोनमिलितो मोर्चा (ASM) की झोली में 23 से 30 सीटें जा सकती हैं। अन्य दलों को 3 से 6 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं NDTV के मुताबिक, NDA 96-98, ASM 24-36 और अन्य दल 0-3 सीट हासिल सकते हैं।

कुछ अन्य पोलिंग एजेंसियों का उल्लेख करें, तो एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक, NDA 88 से 100, ASM 24 से 36 और अन्य पार्टियां 0 से 3 सीटें जीतती हुई दिखाई दे रही हैं। पीपल्स इनसाइट ने अपने एग्जिट पोल में, NDA को 88-96, ASM को 30-34 और अन्य दलों को 2-4 सीटें दी हैं। अब बारी आती है केरलम की। यहां कुल 140 सीटें हैं और बहुमत के लिए, किसी भी पार्टी या अलायन्स को 71 सीटों की जरूरत होती है। एग्जिट पोल्स में, 10 सालों के बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की वापसी होती दिख रही है और सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) सत्ता से बाहर होता नजर आ रहा है। वहीं BJP के नेतृत्व वाला NDA अपना खाता खोल सकता है। पीपल्स पल्स के मुताबिक, UDF 70-80, LDF 58-68 और NDA के खाते में 0 से 3 सीटें जा सकती हैं। पीपल्स इनसाइट के अनुसार, UDF 66 से 76, LDF 58 से 68 और NDA 10 से 14 सीटें जीत सकता हैं।

तमिलनाडु का जिक्र करें, तो इस प्रदेश में कुल 234 सीटें हैं और बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता होती है। एग्जिट पोल्स में कहीं पर द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (DMK) के नेतृत्व वाला सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायन्स (SPA) फिर वापसी करता हुआ नजर आ रहा है, तो किसी एग्जिट पोल में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (AIADMK) के नेतृत्व वाला गठबंधन जीत रहा है। एक एजेंसी के मुताबिक, जोसेफ विजय की तमिलगा वेट्र्री कळगम (TVK) सरकार बना रही है। पोलिंग एजेंसी प्रजा पोल के मुताबिक, SPA 148 से 168, AIADMK+ 61 से 81 सीटें जीत रहा है। टाइम्स नाव-जेवीसी के अनुसार, AIADMK+ 128-147, SPA 75-95 और TVK 8-15 सीटें जीत रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक, TVK 98-120, SPA 92-110 और AIADMK+ 22 से 32 सीटें जीत रहा है।

अब बारी सबसे चर्चित राज्य पश्चिम बंगाल की। यहां कुल 294 सीटें हैं और मेजोरिटी के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है। एग्जिट पोल्स की मानें, तो प्रदेश में पहली बार BJP सरकार बनने जा रही है। पोलिंग एजेंसी पी-मार्क के मुताबिक, 150 से 175 सीटें जीत रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खाते में 118 से 138 सीटें जा रही हैं। अन्य दल 2 से 6 सीटें जीत सकते हैं। वहीं मैट्राइज के अनुसार, BJP 146-161, TMC 125-140 और अन्य पार्टियां 6-10 सीटें जीतेंगी। केवल पीपल्स पल्स ने ही TMC की वापसी का दावा किया है। उनके मुताबिक, TMC 177 से 187, BJP 95 से 110 और अन्य दल 1 से 4 सीटें जीत सकते हैं।

अंत में उल्लेख करें कुल 33 सीटों वाले पुडुचेरी का, तो यहां 30 सीटों पर मतदान होता है और बहुमत के लिए 17 सीटों की जरूरत होती है। बची हुई 3 सीटों पर पुडुचेरी के उपराज्यपाल द्वारा सदस्य नॉमिनेट किए जाते हैं। इस केंद्र शासित प्रदेश (UT) में भी ऑल इंडिया एन. आर. कांग्रेस (AINRC) के नेतृत्व वाले गठबंधन (NRC+) की वापसी होती नजर आ रही है। NRC+ में AINRC के अलावा BJP और AIADMK भी है। प्रजा पोल के मुताबिक, NRC+ 19-25 सीटें और कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन (CONG+) 6-10 सीटें जीत रहा है। CONG+ में कांग्रेस के अतिरिक्त DMK और विदुथलाई चिरुथाईगल काची (VCK) भी शामिल है। वहीं कामाख्या एनालिटिक्स के अनुसार, NRC+ 17 से 24, CONG+ 4 से 7 और अन्य दल 0 से 1 सीटें जीत रहे हैं।

Related News