मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण FA9LA फेम फ्लिपराची बेंगलुरू में नहीं कर पाएंगे परफॉर्म

Highlights FA9LA गाने से मशहूर रैपर फ्लिपराची का बेंगलुरु में होने वाला परफॉर्मेंस रद्द हो गया। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण उनका भारत आना फिलहाल टाल दिया गया। UN40 म्यूजिक फेस्टिवल जारी रहेगा, जिसमें अन्य बड़े कलाकार परफॉर्म करेंगे।

सोशल मीडिया और रील्स की दुनिया में लंबे समय से "FA9LA" गाना छाया हुआ है। फिल्म "धुरंधर" में अभिनेता अक्षय खन्ना के डांस ने इस गाने को भारत के कोने-कोने में पहुंचा दिया था। मीम्स में भी इस गाने का बहुत ज्यादा इस्तेमाल देखने को मिल रहा है। इस गाने को गाने वाले बहरीन के मशहूर रैपर फ्लिपराची पहली बार भारत आकर परफॉर्म करने वाले थे, लेकिन अब उनके फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। कर्नाटक के बेंगलुरू में होने वाले UN40 म्यूजिक फेस्टिवल में फ्लिपराची का परफॉर्मेंस रद्द हो गया है।

बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और संघर्ष की वजह से ये फैसला लिया गया है। मौजूदा हालातों को देखते हुए रैपर का भारत आना फिलहाल टल गया है। 14 मार्च को होने वाले इस इवेंट के लिए उनके फैंस बहुत ज्यादा उत्साहित थे। लोगों को उम्मीद थी कि वे लाइव स्टेज पर "FA9LA" की धुन पर थिरकेंगे, लेकिन अब उन्हें थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, मिडिल ईस्ट में पिछले कुछ समय से हालात काफी संवेदनशील बने हुए हैं। फ्लिपराची बहरीन से ताल्लुक रखते हैं और ताजा हालातों में उनके लिए सफर कर पाना मुश्किल हो रहा था। इसलिए आयोजकों द्वारा इस शो को फिलहाल न करने का फैसला लिया गया।

भले ही फ्लिपराची इस बार नहीं आ पा रहे हैं, लेकिन UN40 फेस्टिवल पूरी तरह रद्द नहीं हुआ है। 14 और 15 मार्च को होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम में शाल्मली खोलगडे​, रेबल, हिमेश रेशमिया और तलविंदर जैसे अन्य बड़े कलाकार अपनी परफॉर्मेंस देंगे। आयोजकों ने भरोसा दिलाया है कि वे इवेंट को मजेदार बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे, हालांकि फ्लिपराची की कमी हर किसी को खलेगी। उम्मीद है कि आने वाले समय में जब हालात सामान्य होंगे, तो फ्लिपराची फिर से भारत आएंगे और अपने देसी फैंस का दिल जीतेंगे।

Related News