पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने चेन्नई में की प्रेस वार्ता, जनता से की स्टालिन को वोट देने की अपील

Highlights पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया की तमिलनाडु के लोग भाजपा की विभाजनकारी राजनीति से नफरत करते है। उन्होंने दावा किया की AIADMK पूरी तरह से भाजपा के सहारे जी रही है। पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जनता से कहा की अगर आपने NDA को वोट दिया तो राज्य का विकास रूक जाएगा।

तमिलनाडु की राजनीति से एक खबर सामने आई है। कल दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आगामी चुनावों को देखते हुए द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (DMK) के प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के साथ एक रोड शो किया। इस अवसर पर उन्होंने X पर एक पोस्ट के द्वारा प्रदेश की जनता से कहा कि वो भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े किसी भी गठबंधन से सावधान रहें। उनका कहना है कि BJP गठबंधन मुख्यमंत्री स्टालिन के नेतृत्व में हुई "अविश्वसनीय प्रगति" को नष्ट कर देगा।

उन्होंने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक प्रेस वार्ता भी की। इस दौरान उनके साथ DMK के बड़े ही सीनियर लीडर और पार्टी के कोषाध्यक्ष टी. आर. बालू भी उपस्थित थे। इस प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल BJP पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोग BJP की विभाजनकारी राजनीति से नफरत करते हैं और यही कारण है कि BJP इतने सालों में तमिलनाडु में अपनी छाप छोड़ने में सफल नहीं हो पाई है। पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (AIADMK) को भी नहीं छोड़ा और कहा कि AIADMK पूरी तरह से BJP के सहारे जी रही है।

उन्होंने दावा किया कि यदि BJP यहां एक भी सीट जीतने में कामयाब हो जाती है, तो वो राज्य में अपना मुख्यमंत्री बना लेंगे, जैसा उन्होंने बिहार में किया था। केजरीवाल ने तमिलनाडु के लोगों को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) से "सावधान" रहने की सलाह दी। इस दौरान उनके मुख से दिल्ली चुनावों का भी जिक्र हुआ। केजरीवाल ने कहा कि पिछले साल हुए चुनावों में जनता ने BJP को वोट दिया, लेकिन एक साल में ही लोग BJP सरकार से तंग आ चुके हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसे क्षेत्रों में हमारे द्वारा किए गए कामों को BJP सरकार ने बर्बाद कर दिया।

अंत में उन्होंने तमिलनाडु की जनता से कहा कि यदि आपने गलती से भी NDA को वोट दिया, तो राज्य में "विकास" रूक जाएगा। पिछले 5 वर्षों में तमिलनाडु ने जो प्रगति शुरू की है, वो रूक जाएगी। मुख्यमंत्री स्टालिन द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाएं बंद हो जाएंगी। उन्होंने जनता से अपील की कि मुख्यमंत्री स्टालिन को ही वोट दें। उन्होंने अब तक बहुत कुछ किया है और अगले 5 वर्षों में बहुत कुछ करेंगे। 

Related News