गोवा जिला पंचायत चुनाव : भाजपा का दबदबा कायम, कांग्रेस की सियासी वापसी की आहट

Highlights भाजपा ने 29 सीटें जीतकर जिला पंचायत चुनाव में साफ बढ़त बनाई। कांग्रेस ने प्रदर्शन सुधारते हुए 10 सीटें जीती। नतीजों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल माना जा रहा है।

गोवा की ज़मीनी राजनीति की दिशा तय करने वाले जिला पंचायत चुनावों के नतीजे सामने आ चुके है। इन नतीजों ने एक बार फिर साफ़ कर दिया है की राज्य में इस समय भाजपा से बड़ा कोई और विकल्प नहीं है। हालांकि इस बार कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया है जो कि दिलचस्प है। ये चुनाव इसलिए भी खास था क्योंकि 2027 में विधानसभा चुनाव है। विधानसभा चुनावों के पहले इसे सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा था। कुल 50 सीटों वाले इन चुनावों में भाजपा ने 29 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। उत्तर गोवा में भाजपा ने 18 सीटें जीती, साथ ही दक्षिण गोवा, जहां कांग्रेस लंबे समय से मज़बूत है, वहां पर भी भाजपा ने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 11 सीटें अपने नाम की है। मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत के नेतृत्व में पार्टी ने सत्ता विरोधी माहौल की चर्चाओं को पीछे छोड़ते स्थानीय वोटर्स का भरोसा कायम रखा। इस जीत के बाद सावंत ने जनता का आभार जताते हुए कहा, "ये जनादेश डबल इंजन सरकार में लोगों के विश्वास को दिखाता है, साथ ही ज़मीनी स्तर पर सशक्तिकरण और जन-केंद्रित शासन के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।"

ये चुनाव लगातार पिछड़ती दिख रही कांग्रेस के लिए भी थोड़ा सुकून लेकर आया है। जहां पिछली बार कांग्रेस सिर्फ 4 सीटों पर सिमटकर रह गयी थी, वहीं इस बार पार्टी ने 10 सीटों पर विजय प्राप्त की है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे ने एक बयान में कहा, "2020 के चुनावों में कांग्रेस ने सिर्फ 4 सीटें जीती थीं, लेकिन इस साल हमने अपनी सीटों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी है। यह सुधार 2024 में दक्षिण गोवा लोकसभा सीट पर हमारी शानदार जीत के बाद हुआ है, जहां गोवा के लोगों ने भाजपा के कुप्रबंधन, भ्रष्टाचार और स्थानीय मुद्दों की अनदेखी के खिलाफ साफ संदेश दिया था।"

बात करें अन्य पार्टियों की तो एनडीए में भाजपा की साथी महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी को 3, तो कांग्रेस की सहयोगी गोवा फॉरवर्ड पार्टी को 1 सीट मिली। वहीं आम आदमी पार्टी को भी केवल एक ही सीट से संतोष करना पड़ा। विधानसभा में 1 सीट वाली रेवोल्यूशनरी गोवांस पार्टी ने भी 2 सीटों पर विजय प्राप्त की है। इनके अलावा 4 निर्दलीय अथवा स्वतंत्र प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। कुल मिलाकर, नतीजे बताते हैं कि गोवा के ग्रामीण इलाकों में भाजपा फिलहाल सबसे मजबूत ताकत बनी हुई है। हालांकि कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन ने यह संकेत जरूर दिया है कि विपक्ष अब धीरे-धीरे जमीन वापस पाने की कोशिश कर रहा है। आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले ये नतीजे सभी राजनीतिक दलों के लिए अहम माने जा रहे हैं।

Related News