गृह मंत्री अमित शाह ने परिवार संग किए लालबागचा राजा के दर्शन

Highlights अमित शाह ने बेटे जय शाह और परिवार के साथ लालबागचा राजा में की पूजा-अर्चना। गृह मंत्री ने की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात। अमित शाह बांद्रा पश्चिम और अंधेरी पूर्व के प्रमुख गणेश पंडालों का दौरा करेंगे।

मुंबई: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को अपने पारिवारिक दौरे के दौरान मुंबई पहुंचे। इतना ही नहीं उन्होंने अपने बेटे एवं ICC चेयरमैन जय शाह एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लालबागचा राजा के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हुए दिखाई दिए। इस खास अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। इससे पहले शुक्रवार देर रात शाह मुंबई पहुंचे थे, जहां मुख्यमंत्री फडणवीस ने उनका स्वागत किया। 

खबरों का कहना है कि शनिवार सुबह उन्होंने दक्षिण मुंबई स्थित सह्याद्री गेस्ट हाउस में उपमुख्यमंत्री शिंदे से मुलाकात की। इतना ही नहीं इस बीच शाह ने आरएसएस के संयुक्त महासचिव अतुल लिमये, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और नवनियुक्त मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमीत साटम से भी वार्तालाप भी की। भाजपा सूत्रों के मुताबिक शाह की शहर यात्रा के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने भी उनसे अलग से मुलाकात की। सह्याद्री गेस्ट हाउस में हुई इस बैठक में आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव, बिहार विधानसभा चुनाव और पार्टी के संगठनात्मक मामलों पर चर्चा हुई। 

मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो तावड़े ने शाह को मराठा आरक्षण आंदोलन की स्थिति से भी अवगत कराया। बताया जा रहा है कि इस विषय पर शाह मुख्यमंत्री फडणवीस और कैबिनेट उप-समिति के सदस्य मंत्री आशीष शेलार से भी विस्तृत जानकारी लेंगे। शाह का मुंबई प्रवास धार्मिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से अहम कहा जा रहा है। लालबागचा राजा के दर्शन के बाद उनका बांद्रा पश्चिम और अंधेरी पूर्व स्थित प्रमुख गणेश पंडालों में जाने का भी कार्यक्रम तय है।

Related News