मार्च के लिए ICC पुरुष 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के नॉमिनीज घोषित, बुमराह-सैमसन का नाम शामिल

Highlights संजू सैमसन ने 2026 के विश्व कप में 5 मैचों में 321 रन बनाए थे। जसप्रीत बुमराह ने इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक 14 विकेट झटके थे। कॉनर एस्टरहुइजन ने अपनी पहली ही T20I सीरीज में यादगार प्रदर्शन किया है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। 2026 के टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद विजयी भारतीय टीम के दो अहम सदस्यों, जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन को मार्च महीने के लिए "ICC प्लेयर ऑफ द मंथ" के नॉमिनीज में शामिल किया गया है। इन दोनों के अलावा दक्षिण अफ्रीका के कॉनर एस्टरहुइजन भी इस दौड़ में शामिल है।

इस बात से सभी वाकिफ हैं कि संजू, 2026 विश्व कप के शुरुआती मैचों का हिस्सा नहीं थे, लेकिन जब उन्हें मौका मिला, तो उन्होंने ऐसा प्रदर्शन कर दिखाया, जिससे उनका नाम लंबे समय तक आदर के साथ लिया जाएगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहद अहम सुपर-8 मुकाबले में 97*, उसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के विरुद्ध 89 और फिर फाइनल में भी 89 रन बनाकर टीम को विश्व कप जिताने में बड़ा रोल अदा किया। उन्होंने 5 मैचों में 321 रन बनाए थे और उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें "प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट" के खिताब से भी नवाजा गया था।

बात करें जसप्रीत बुमराह की, तो भारतीय टीम के इस अनमोल रत्न ने भी विश्व कप के प्रमुख मुकाबलों में अपना महत्व साबित किया। वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो वाले मुकाबले में 2 विकेट, इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने 4 ओवरों में केवल 33 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि अन्य बॉलर्स बड़े महंगे साबित हो रहे थे। उस रोमांचक मैच के 16वें और 18वें ओवर में उन्होंने मात्र 8 और 6 रन दिए, जिससे भारत 7 रनों से ये मुकाबला जीत गया। इसके बाद फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 4 ओवरों में मात्र 15 रन देकर 4 विकेट झटके, जिसके बाद उन्हें "प्लेयर ऑफ द मैच" के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। बुमराह ने इस विश्व कप में सर्वाधिक 14 विकेट भी झटके। 

यदि उल्लेख करें दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन का, तो इस बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पहली T20I सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 5 मैचों में 50 की औसत से 200 रन बनाए। एस्टरहुइजन ने अपने T20I करियर की शुरुआत 45* रन बनाकर की। साथ ही, सीरीज के चौथे मैच में उन्होंने अपना पहला अर्धशतक भी पूरा किया, जहाँ 33 गेंदों में 57 रन बनाने के बाद उन्हें "प्लेयर ऑफ द मैच" घोषित किया गया था। एस्टरहुइजन ने इस सीरीज के पांचवें मैच में 33 गेंदों में 75 रनों की अहम पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से सीरीज जिताने में भी मदद की। इस मैच में उन्हें अपना दूसरा 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड मिला।

Related News