जिम्बाब्वे पर जीत से भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदें मजबूत, अब वेस्टइंडीज से होगा निर्णायक मुकाबला

Highlights भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदें की मजबूत। अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा की तूफानी पारियों से भारत ने 257 रन बनाए। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत से भारत सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।

टी-20 विश्व कप 2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली शानदार जीत ने भारतीय टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदों में नई जान फूंक दी है। चेन्नई में खेले गए इस अहम मुकाबले में भारत ने जीत तो दर्ज की ही, साथ ही अपने खेलने के तरीके से विरोधी टीमों को कड़ा संदेश भी दे दिया है। इस जीत के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल का रास्ता पहले से साफ और रोमांचक नजर आ रहा है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 257 रनों का बहुत बड़ा लक्ष्य दिया। इस मुकाबले में लगभग हर भारतीय बल्लेबाज ने तेजतर्रार पारियां खेलीं। अभिषेक शर्मा की तूफानी फिफ्टी और अंतिम ओवरों में हार्दिक पंड्या व तिलक वर्मा की आतिशी पारियों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के हौसले पस्त कर दिए।

हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे केवल 184 रन ही बना सकी और भारत ने 72 रनों से मुकाबला जीत लिया। इस बड़ी विजय के बाद भारत का रनरेट -3.800 से बेहतर होकर -0.100 हो गया। हालांकि ऑलराउंडर शिवम दुबे ने गेंदबाजी करते हुए अपने 2 ओवरों में 46 रन दे दिए। यदि ऐसा न होता तो भारत और बड़े अंतर से मैच जीत सकता था, साथ ही उसका रनरेट भी और बेहतर हो सकता था। सुपर-8 के ग्रुप-1 में दक्षिण अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है। अब सिर्फ एक जगह बची है, जिसके लिए भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीधी टक्कर है। यदि भारत रविवार को वेस्टइंडीज को हरा देता है, तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। यदि बारिश के कारण मैच रद्द होता है या भारत हार जाता है, तो इस स्थिति में वेस्टइंडीज आगे बढ़ जाएगा।

जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास भी पहले से बढ़ा होगा। थोड़े अंतराल के बाद संजू सैमसन एक बार फिर मैदान पर लौटे और 15 गेंदों में 24 रनों की तेज और उपयोगी पारी खेली। इससे पहले उन्होंने विश्व कप में केवल नामीबिया के खिलाफ बल्लेबाजी की थी, जिसमें उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 22 रन बनाए थे। अब सभी की नजरें रविवार को कोलकाता में होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं, जहां एक जीत भारत को विश्व कप जीतने के एक कदम और करीब ले जाएगी।

Related News