इंदौर : भीषण अग्निकांड के बाद CM यादव ने बृजेश्वरी एनेक्स जाकर मृतकों के परिजनों से की मुलाकात

Highlights इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, 8 लोगों की मौत। घर में रखे सिलेंडरों के फटने से हादसा और भी भयानक हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की, जांच के आदेश दिए।

इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में पुगलिया और सेठिया परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। इस सिलसिले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 मार्च, गुरुवार को इंदौर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने X पर इस मुलाकात की जानकारी देते हुए लिखा, "इंदौर के बंगाली चौराहे स्थित कॉलोनी में पुगलिया परिवार में हुई घटना हृदय विदारक है। आज परिवार के सदस्यों से मिला। पुगलिया परिवार पर दुःख का जो पहाड़ टूट पड़ा है, उसकी वेदना में हम सभी सहभागी हैं। परमात्मा से प्रार्थना है कि सभी दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देकर परिवार को इस गहन दुःख से उबरने की शक्ति प्रदान करें। इस घटना की जांच करवाई जा रही है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए विशेषज्ञों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।"

यह हादसा 18 मार्च, बुधवार सुबह करीब 3:30 से 4:30 बजे के बीच हुआ था। घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। तभी चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ और एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद कार ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। यह हादसा और भी भयानक इसलिए हो गया, क्योंकि घर के अंदर लगभग 10 सिलेंडर रखे हुए थे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचने के बाद काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। आग के कारण एक के बाद एक कई सिलेंडर फट गए, जिससे स्थिति और भी विकट हो गई। इस दुर्घटना में मारे गए लोगों में मनोज पुगलिया (65), सिमरन पुगलिया (30), विजय सेठिया (65), सुमन सेठिया (60), टीनू सेठिया (35), दो बच्चे राशि (12) और तन्मय या तनय (7-8) तथा छोटू सेठिया (20-22) शामिल हैं।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस घटना पर दुःख व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रूपए की सहायता राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रूपए प्रदान किए जाएंगे।

Related News