IPL 2026 ऑक्शन : अबू धाबी में टूटा पैसों का रिकॉर्ड, अनकैप्ड भारतीय खलाड़ियों पर हुई धनवर्षा

Highlights IPL 2026 का मिनी ऑक्शन कल आबू धाबी में हुआ। ऑक्शन के लिए 350 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। कैमरून ग्रीन को KKR ने 25.20 करोड़ में खरीदा है।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का मिनी ऑक्शन कल आबू धाबी में समाप्त हुआ। इसने एक बार फिर साबित किया कि IPL में प्रतिभा की कीमत करोड़ों में है। ऑक्शन में बड़े नामों पर तो बोलियां लगी ही, लेकिन अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने लायक था। इस ऑक्शन से पहले 173 खिलाड़ियों को रिटेन किया गया था। 1300 से ऊपर खिलाड़ियों ने इस ऑक्शन के लिए अपना नाम दर्ज कराया था, जिसमें 350 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इन 350 खिलाड़ियों में 240 भारतीय तो 110 विदेशी खिलाड़ी थे। हालांकि कुछ क्रिकेट फैंस को निराशा भी हाथ लगी जब इस कार्यक्रम से काफी पहले भारत के मोहित शर्मा, आर. अश्विन और वेस्ट इंडीज़ के आंद्रे रसेल जैसे बड़े खिलाड़ियों ने संन्यास का ऐलान कर दिया था। ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन सबसे ज़्यादा आकर्षण का केंद्र रहे।

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और अन्य टीमों के बीच चली लंबी बिडिंग वॉर के बाद KKR ने अन्ततः 25.20 करोड़ रूपए में उन्हें अपने नाम किया। इसी के साथ वे IPL ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले विदेशी खिलाड़ी बन चुके हैं। जानकारी के लिए बता दें कि ग्रीन अब तक 29 IPL मैचों में खेल चुके हैं जहां उन्होंने 153 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से 707 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और दो अर्धशतक भी हैं। केवल इतना ही नहीं वे 16 विकेट भी ले चुके हैं। ग्रीन का रिकॉर्ड्स से पहले भी नाता रहा है। IPL 2023 से पहले मुम्बई इंडियन्स (MI) ने उन्हें 17.5 करोड़ रूपए में खरीदा था। इसके साथ वे IPL इतिहास में दूसरे सबसे महंगे बिकने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए थे। ग्रीन 2021-23 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) और 2023 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा श्रीलंका के महिशा पथीराना को भी KKR ने 18 करोड़ रूपए में खरीदा।

इससे उनकी तेज़ गेंदबाज़ी निश्चित ही मज़बूत होगी। लेकिन इन खिलाड़ियों पर अब ये ज़िम्मेदारी होगी कि वे अपनी कीमत के अनुरूप प्रदर्शन करें और अपनी टीम को सफलता दिलाने में अपनी अपनी भूमिका निभाएं। अब कुछ अन्य लोगों पर भी एक नज़र डालते हैं। 2025 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) ने एक संतुलित दृष्टिकोण अपनाते हुए इंदौर के वेंकटेश अय्यर को 7 करोड़ रूपए में खरीदा। हालांकि इस बार उनकी कीमत में भारी गिरावट देखने को मिली। जहां पिछले साल KKR ने उन्हें 23.75 करोड़ रूपए में खरीदा था, वहीं इस बार वे केवल 7 करोड़ रूपए में बिके। हालांकि इस ऑक्शन से पहले ही उन्होंने अपनी मंशा साफ कर दी, जब अय्यर ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पंजाब के विरुद्ध 43 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने चतुराई दिखाते हुए मात्र 2 करोड़ रूपए में विस्फोटक बल्लेबाज़ डेविड मिलर को अपनी टीम में शामिल कर लिया। ये खिलाड़ी मुश्किल हालातों में भी मजबूती से खेलकर अपनी टीम को जीत दिला सकता हैं।

इस ऑक्शन में सबसे चौंकाने वाली बात भारतीय युवाओं पर लगा दांव रही। 5 बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) जो अक्सर अनुभवी खिलाड़ियों से भरी नज़र आती हैं, ने इस बार युवाओं पर भारी निवेश किया। पिछले कुछ सालों से टीम के निराश करने वाले प्रदर्शन के कारण चेन्नई ने इस बार ये जोखिम उठाया। चेन्नई ने मात्र 19 साल के अनकैप्ड खिलाड़ी कार्तिक शर्मा और 20 वर्षीय प्रशांत वीर दोनों को 14.20 करोड़ में खरीदा। कार्तिक इस खबर को मिलने के बाद बड़े भावुक नज़र आए। जहां प्रशांत ऑलराउंडर हैं, वहीं कार्तिक विकेटकीपर बल्लेबाज़ है। दोनों IPL में कमाल का प्रदर्शन कर भारतीय टीम के लिए भी अपना दावा ठोकना चाहेंगे। ऑक्शन खत्म होने के साथ ही अब सभी की निगाहें 26 मार्च, 2026 पर टिकी हैं, जब टूर्नामेंट का आगाज होगा। इस बार की नीलामी ने साफ कर दिया है कि टीमें अब केवल नामी सितारों के पीछे नहीं भाग रही हैं, बल्कि वे भविष्य के सितारों पर बड़ा निवेश करने को तैयार हैं।

Related News