IPL : प्रतियोगिता शुरु होने से पहले कई प्रमुख खिलाड़ी हुए चोटिल, टीमों की बढ़ी चिंता

Highlights सैम करन चोट के कारण पूरे IPL 2026 से बाहर, राजस्थान को बड़ा झटका। मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में नहीं खेलेंगे। कोलकाता के हर्षित और चेन्नई के एलिस भी चोट के कारण इस साल IPL में अपना जलवा नहीं बिखेर पाएंगे।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरुआत से पहले की कई टीमों के लिए बुरी खबरें सामने आ रही हैं। क्रिकेट के इस त्योहार को अब सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट लंबी होती जा रही हैं। सबसे बड़ा झटका राजस्थान रॉयल्स को लगा है, क्योंकि उनके स्टार ऑलराउंडर सैम करन पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड के खिलाड़ी सैम करन को ग्रोइन इंज्यूरी हुई है, जिसके कारण वे इस साल एक भी IPL मैच नहीं खेल पाएंगे। राजस्थान को उनकी जगह अब किसी अन्य खिलाड़ी की तलाश करनी होगी। सैम न केवल तेज गेंदबाजी, बल्कि अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते हैं। ऐसे में उनकी कमी टीम को काफी खलने वाली है। सैम इससे पहले IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और पंजाब किंग्स (PBKS) की ओर से भी खेल चुके हैं।

सिर्फ सैम करन ही नहीं, ऑस्ट्रेलिया के दो दिग्गज खिलाड़ी, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड भी IPL के शुरुआती मैचों में नजर नहीं आएंगे। मिचेल स्टार्क, जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने गेंदबाजी में अपनी टीम का एक प्रमुख हथियार बनाया था, वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण पहले कुछ मैचों में नहीं खेलेंगे। इसी तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के जोश हेजलवुड भी अपनी पुरानी चोट से उबर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड (CA) अपने इन मुख्य गेंदबाजों को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरतना चाहता है। दरअसल IPL के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। संभावना है कि इसे ही देखते हुए बोर्ड ने अपने इन प्रमुख गेंदबाजों को पूरे तरह से फीट होने के बाद ही अपनी-अपनी IPL टीमों से जुड़ने की सलाह दी है।

इन नामों के अलावा टेस्ट व वनडे फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस भी चोट के कारण IPL के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने ईशान किशन को अपना कप्तान बनाया है। इतना ही नहीं, कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के हर्षित राणा और CSK के नाथन एलिस भी चोट के कारण इस साल IPL में अपना जलवा नहीं बिखेर पाएंगे। कुल-मिलाकर देखा जाए तो IPL में टीमों को प्रारंभिक मैचों में मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि उन्हें अपने प्रमुख भारतीय या विदेशी खिलाड़ियों के बिना ही मैदान पर उतरना पड़ेगा। 

Related News