लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा इस बिल का महिलाओं के सशक्तिकरण से कोई लेना-देना नहीं

Highlights राहुल गांधी ने आरोप लगाया की ये महिला आरक्षण बिल नहीं, भारत के चुनावी नक्शे को बदलने की कोशिश है। उन्होंने कहा की जाति जनगणना को दरकिनार करने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया की भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए दक्षिण भारत व छोटे राज्यों से उनका प्रतिनिधित्व छीन लेगी।

लोकसभा में आज संविधान (131वां) संशोधन बिल, परिसीमन बिल और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) बिल पर वोटिंग होनी है। इसी सिलसिले में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं सभी सांसदों से कहूंगा आप अपने घर में मां-बहन-बेटी-पत्नी सबका स्मरण करते हुए अपनी अंतरात्मा को सुनिए। देश की नारीशक्ति की सेवा का, उनके वंदन का ये बहुत बड़ा अवसर है। उन्हें नए अवसरों से वंचित नहीं करिए। ये संशोधन सर्वसम्मति से पारित होगा, तो देश की नारीशक्ति और सशक्त होगी। देश का लोकतंत्र और सशक्त होगा। आइए, हम मिलकर आज इतिहास रचें। भारत की नारी को, देश की आधी आबादी को उसका हक दें।"

लोकसभा में आज कांग्रेस के सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि, "पहली सच्चाई यह है कि यह महिलाओं का बिल नहीं है। इसका महिलाओं के सशक्तिकरण से कोई लेना-देना नहीं है। यह भारत के चुनावी नक्शे को बदलने की एक कोशिश है। असल में, यह एक शर्मनाक हरकत है। ये एक ऐतिहासिक तथ्य है कि भारतीय समाज ने दलितों, OBCs और उनकी महिलाओं के साथ कैसा बर्ताव किया। यहाँ जो करने की कोशिश की जा रही है, वह है जाति जनगणना को दरकिनार करना। यहाँ वे मेरे OBC भाई-बहनों को सत्ता और प्रतिनिधित्व देने से बचने की कोशिश कर रहे हैं और उनसे सत्ता छीन रहे हैं।"

राहुल गांधी ने कहा, "BJP जो कर रही हैं, वह इसलिए है क्योंकि वो देश की राजनीति में हो रहे घटनाक्रम से डरे हुए हैं। आप अपनी ताकत के कमजोर पड़ने से घबराए हुए हैं और आप भारत के राजनीतिक नक्शे को फिर से बदलने की कोशिश कर रहे हैं। आपने असम और जम्मू-कश्मीर में ऐसा किया और अब आप यह सोच रहे हैं कि आप पूरे भारत में भी ऐसा कर सकते हैं। ऐसा करने के लिए आपको एक संवैधानिक संशोधन की आवश्यकता होगी।

उन्होंने आगे कहा, "आप दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और भारत के छोटे राज्यों से कह रहे हैं कि BJP के सत्ता में बने रहने के लिए, हम आपसे आपका प्रतिनिधित्व छीन लेंगे। यह देश-विरोधी काम से कम कुछ भी नहीं है। हम आपको ऐसा करने की इजाजत नहीं देंगे। मैं दक्षिणी राज्यों, छोटे राज्यों, पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों को यह भरोसा दिलाना चाहता हूँ कि आप बिल्कुल भी चिंता न करें। हम उन्हें 'यूनियन ऑफ इंडिया' पर हमला करने की इजाजत बिल्कुल नहीं देंगे। आप 'यूनियन ऑफ इंडिया' में बराबर के भागीदार हैं। वे आपके प्रतिनिधित्व को छूने की हिम्मत वे कभी नहीं कर पाएँगे।"

Related News