RCB को बड़ा झटका, कानूनी कारणों की वजह से यश दयाल इस सीजन नहीं होंगे टीम का हिस्सा

Highlights यश दयाल पर दो महिलाओं का शारीरिक शोषण करने के आरोप लगे है। RCB का कहना है कि इस समय उनका टीम से न जुड़ना ही सभी के लिए बेहतर है। यश दयाल की गैरमौजूदगी से RCB में तेज गेंदबाजी का संकट गहरा गया है।

आईपीएल शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम के तेज गेंदबाज यश दयाल इस सीजन RCB का हिस्सा नहीं होंगे। फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि की है यश इस सीजन मैदान पर दिखाई नहीं देंगे। हालांकि वो अभी भी टीम के साथ कॉन्ट्रैक्ट में हैं, लेकिन इस साल यश आगामी टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे। यश के बाहर होने की वजह उन पर लगे गंभीर कानूनी आरोप हैं। उन पर एक नाबालिग लड़की का दुष्कर्म करने का आरोप लगा है, जिसके तहत उन पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि क्रिकेटर ने करियर बनाने का झांसा देकर उसका शोषण किया है।

गाजियाबाद में दायर एक अलग मामले में, एक महिला ने यश दयाल पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया है। इन सभी कानूनी कारणों की वजह से उन्हें इस साल आईपीएल से पीछे हटना पड़ा है। हालांकि यश ने इन सभी आरोपों को खारिज किया है। RCB के हेड ऑफ क्रिकेट मो बोबाट ने इस स्थिति पर सफाई देते हुए कहा है कि इस समय यश कुछ पर्सनल इश्यूज से गुजर रहे हैं। उन्होंने बताया कि टीम ने यश का काफी समर्थन किया था और यही कारण था कि उन्हें रिटेन भी किया गया था। लेकिन मौजूदा हालातों को देखते हुए यही बेहतर है कि वो इस समय RCB के साथ न जुड़ें। यही उनके लिए और टीम के लिए बेहतर होगा। वह अभी भी कॉन्ट्रैक्ट में हैं और आने वाले कुछ समय तक भी उनके कॉन्ट्रैक्ट में बने रहने की ही उम्मीद है। बोबाट ने कहा कि हम उनसे लगातार बातचीत भी कर रहे हैं।

आईपीएल 2025 में यश दयाल का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। उन्होंने 15 मैचों में 13 विकेट लिए और पिछले सीजन RCB को विजेता बनाने में उनकी अहम भूमिका भी मानी जाती है। यश की गैरमौजूदगी RCB के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि वे अंतिम ओवरों में अपनी प्रभावी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। यश दयाल इससे पूर्व गुजरात टाइटंस का भी हिस्सा रह चुके हैं। वे अपने आईपीएल करियर में 43 मैचों में 9.57 की औसत से 41 विकेट ले चुके हैं। यश दयाल की गैरमौजूदगी से RCB में तेज गेंदबाजी का संकट और गहरा गया है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड भी अपनी पुरानी चोटों से उबरने के कारण सीजन के शुरुआती हिस्से से बाहर रहेंगे।

Related News