2 पत्नियों से 18 बच्चों वाले शख्स की प्रेमिका द्वारा हत्या, शव बोरे में ठूंसकर फेंका

Highlights प्रेम संबंध के विवाद में पूर्व प्रधान गुल हसन की हत्या कर दी गई। प्रेमिका ने भाई के साथ मिलकर योजना बनाकर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया, बाकी आरोपी फरार है।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। ये खबर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दरअसल, इसी जिले के एक गांव के पूर्व प्रधान गुल हसन (कुछ जगहों पर नाम गुलशन) की हत्या कर दी गई। ये काम किसी और ने नहीं, बल्कि उनकी प्रेमिका ने ही किया है। उनकी पर्सनल लाइफ भी काफी दिलचस्प थी, जहां 2 पत्नियां और 18 बच्चे होने के बावजूद उनका एक विवाहित महिला सुमन से प्रेम संबंध था। जानकारी के मुताबिक, दोनों का रिश्ता काफी समय से चल रहा था, लेकिन बाद में हालात बिगड़ने लगे थे।

गुल हसन की प्रेमिका उन पर दबाव बना रही थी कि वो ये रिश्ता खत्म कर दें, लेकिन गुल हसन ने इस बात से इंकार कर दिया। स्थिति तब और भी खराब हो गई, जब गुल हसन सुमन पर मिलने के लिए दबाव बनाने लगा और उसे ब्लैकमेल करने लगा। इस मुसीबत से पीछा छुड़ाने के लिए सुमन ने अपने भाई को सारी कहानी सुनाई और दोनों ने मिलकर गुल हसन को मारने की योजना बनाई। योजना के तहत, सुमन ने 18 मार्च को हसन को अपने मायके बुलाया। जैसे ही वह कमरे में दाखिल हुआ, सुमन के भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोहे की रॉड्स से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

इसके बाद हसन के शव को एक बोरे में ठूंसकर नहर में फेंक दिया गया। हसन के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के दौरान पुलिस को गुल हसन की बाइक एक अलग जगह पर मिली। फोन रिकॉर्ड्स को ट्रैक करते हुए पुलिस सुमन तक पहुंची और 22 मार्च को नहर से शव बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें वह महिला और उसका भाई शामिल हैं, जबकि अन्य साथियों की तलाश जारी है।

Related News