लोकसभा में हुआ भारी बवाल, 8 सांसद बजट सत्र के अंत तक किए गए निलंबित

Highlights सदन में कागज फाड़ने और हंगामा करने के कारण 8 विपक्षी सांसदों को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया। राहुल गांधी द्वारा चीन के मुद्दे और पूर्व सेना प्रमुख की किताब का जिक्र करने पर सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई थी। निलंबन के बाद विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में विरोध जताया।

लोकसभा के बजट सत्र 2026 के दौरान सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। कार्रवाई के दौरान कुछ सांसदों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी, जिसके बाद उन पर एक्शन लेते हुए उन्हें बजट सत्र के अंत तक निलंबित कर दिया गया है। दरअसल पूरा मामला लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण से शुरू हुआ था। राहुल गांधी चीन के मुद्दे और पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरावणे की एक अप्रकाशित किताब के कुछ अंशों को लेकर सरकार पर निशाना साध रहे थे। जब सत्ता पक्ष ने इस पर आपत्ति जताई और स्पीकर ने उन्हें टोकना चाहा, तो सांसद भड़क गए।

देखते ही देखते विपक्षी सांसद सदन के बीचों-बीच आ गए और हंगामा करने लगे। बात तब और बिगड़ गई, जब कुछ सांसदों ने कागज़ के टुकड़े फाड़कर स्पीकर की चेयर पर मौजूद दिलीप सैकिया की ओर उछाल दिए। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इन सांसदों के निलंबन का प्रस्ताव पेश किया, जिसे संसद ने ध्वनिमत से पास कर दिया और इन सांसदों को बजट सत्र के अंत तक निलंबित कर दिया गया। जिन्हें निलंबित किया गया, उनमें माणिकम टैगोर, डीन कुरियाकोस, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, प्रशांत यादवराव पडोळे, किरण कुमार रेड्डी (सभी कांग्रेस) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) के एस. वेंकटेशन शामिल हैं।

निलंबन के बाद संसद परिसर में भी पारा चढ़ा रहा। राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर विरोध जताया। राहुल गांधी ने सरकार पर आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत-अमेरिका ट्रेड डील जैसे अहम मुद्दों पर उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। इस हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही को अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। बजट सत्र जैसे महत्वपूर्ण समय में इस तरह का टकराव देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

Related News