मेघालय अवैध कोयला खदान विस्फोट : ईस्ट जयंतिया हिल्स में 18 मजदूरों की मौत, कई फंसे

Highlights ईस्ट जयंतिया हिल्स में अवैध कोयला खदान विस्फोट से 18 मजदूरों की मौत। SDRF-NDRF मौके पर तैनात, मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी। राज्य और केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया।

मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स (East Jaintia Hills) जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ एक अवैध कोयला खदान में हुए जोरदार विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस भीषण हादसे में कम से कम 18 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। यह घटना गुरुवार, 5 फरवरी को हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे पर मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा (Conrad K. Sangma) ने गहरा दुख व्यक्त किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री संगमा ने दो कैबिनेट मंत्रियों, लकमेन रिम्बुई (Lahkmen Rymbui) और वैलाडमिकी शायला (Wailadmiki Shylla) को तुरंत घटनास्थल पर भेजा। उन्हें मौके पर जाकर हालात का जायजा लेने, बचाव कार्यों की निगरानी करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। घटनास्थल पर SDRF और NDRF की टीमें तैनात हैं और खदान में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है। राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। मेघालय सरकार प्रत्येक मृतक के परिजनों को 3 लाख रूपए का मुआवजा देगी।

वहीं, केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रूपए और घायलों को 50 हजार रूपए की सहायता देने की घोषणा की है। असम सरकार ने भी इस विस्फोट में मारे गए अपने राज्य के तीन मजदूरों के परिजनों को 5 लाख रूपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इस मामले से जुड़े 2 आरोपियों को मेघालय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और एक अन्य व्यक्ति की भी पहचान कर ली गई है। आगे की जांच जारी है।

Related News