मेक्सिको सेना का बड़ा ऑपरेशन, मोस्ट वांटेड ड्रग सरगना एल मैन्चो ढेर

Highlights मेक्सिको सेना के ऑपरेशन में ड्रग सरगना एल मैन्चो मारा गया। 15 मिलियन डॉलर का इनामी अपराधी अमेरिका और मेक्सिको दोनों में मोस्ट वांटेड था। एल मैन्चो की मौत के बाद कई राज्यों में आगजनी और हिंसा भड़क उठी।

दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग माफियाओं में से एक नेमेसियो ओसेगुएरा सेर्वेंटेस (Nemesio Oseguera Cervantes) जिसे दुनिया एल मैन्चो (El Mencho) के नाम से जानती है, अब मारा जा चुका है। रविवार 22 फरवरी को मेक्सिको की सेना ने एक बड़े ऑपरेशन में उसे ढेर कर दिया। एल मैन्चो जालिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (Jalisco New Generation Cartel) का मुखिया था, जिसे दुनिया के सबसे हिंसक और ताकतवर ड्रग गिरोहों में से एक माना जाता है। जानकारी के मुताबिक, ये ऑपरेशन जालिस्को (Jalisco) राज्य के तपल्पा (Tapalpa) शहर में किया गया था। इस दौरान स्थानीय सुरक्षाबलों और ड्रग गिरोह के बीच जबरदस्त गोलीबारी हुई। बताया जा रहा है कि एल मैन्चो इस गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए मेक्सिको शहर ले जाया जा रहा था, तभी उसने दम तोड़ दिया।

एल मैन्चो को पकड़ने के लिए अमेरिका ने करीब 15 मिलियन डॉलर का इनाम रखा था। अपनी मौत के समय वो मेक्सिको का मोस्ट वांटेड अपराधी तो था ही, साथ ही वो अमेरिका की मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में भी शामिल था। इस ऑपरेशन में उसके 6 अन्य साथी मारे गए और मेक्सिको सेना ने हथियार, आरमर्ड व्हीकल्स आदि भी बरामद किए। एल मैन्चो पर कई लोगों की हत्या, अपहरण और अमेरिका में भारी मात्रा में फेंटेनाइल जैसे नशीले पदार्थ सप्लाई करने के आरोप थे। उसका गिरोह इतना खतरनाक माना जाता है कि वो अपने दुश्मनों पर ड्रोन्स से हमले और सेना के हेलीकॉप्टर गिराने के लिए भी जाने जाते हैं।

जैसे ही एल मैन्चो के मारे जाने की खबर फैली, मेक्सिको के कई राज्यों में हिंसा भड़क उठी। उसके गिरोह के सदस्यों ने गुस्से में आकर सड़कों पर बसें और ट्रक जला दिए और हाईवे जाम कर दिए। हालात इतने बिगड़ गए कि मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी। गिरोह के गढ़ ग्वाडालाजारा (Guadalajara) में जनजीवन लगभग ठप्प हो गया और स्थानीय निवासी अपने घरों में ही रहने को मजबूर हो गए। सुरक्षा कारणों के चलते सोमवार को कई राज्यों में स्कूल बंद हैं। एल मैन्चो की मौत को मेक्सिको सरकार की एक बहुत बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।

Related News