मोदी-सिल्वा की पहल : भारत-ब्राजील ने 5 साल में 20 बिलियन डॉलर व्यापार का रखा लक्ष्य

Highlights मोदी-लूला ने 5 साल में व्यापार 20 बिलियन डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा। दोनों देश क्रिटिकल मिनरल्स, रक्षा और क्लीन एनर्जी में सहयोग बढ़ाएंगे। भारत-ब्राजील ने ग्लोबल साउथ की आवाज मजबूत करने पर जोर दिया।

भारत और ब्राजील के बीच आर्थिक रिश्तों को लेकर एक बहुत ही सकारात्मक खबर सामने आई है। दिल्ली में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने अगले 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन डॉलर के पार ले जाने का एक बड़ा लक्ष्य साझा किया है। फिलहाल भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय व्यापार 15 बिलियन डॉलर के आसपास है। इस नए लक्ष्य को हासिल करने के लिए दोनों देशों को व्यापारिक बाधाओं को कम करना और नए क्षेत्रों में निवेश बढ़ाना प्राथमिकता होगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि ब्राजील लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा और भरोसेमंद व्यापारिक साझेदार है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के पास एक-दूसरे की जरूरतों को पूरा करने की अपार क्षमता है। भारत मुख्य रूप से ब्राजील को फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, डीजल और ऑटोमोबाइल पार्ट्स एक्सपोर्ट करता है, जबकि ब्राजील से चीनी, कच्चा तेल, सोयाबीन का तेल, कपास, कॉफी आदि इम्पोर्ट करता है। 

हालांकि अब केवल पारंपरिक व्यापार तक ही सहयोग सीमित नहीं रहेगा। अब फोकस लिथियम जैसे क्रिटिकल मिनरल्स, रक्षा सहयोग, क्लीन एनर्जी और तकनीकी क्षेत्रों पर भी रहेगा। इसके लिए दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गए हैं, जिनसे भविष्य में व्यापार और निवेश को गति मिलने की उम्मीद है।

बैठक के दौरान दोनों देशों ने ‘ग्लोबल साउथ’ यानी विकासशील देशों की आवाज को मजबूत करने पर भी सहमति जताई। व्यापार के अलावा, दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर भी चर्चा की। कुल मिलाकर, यह पहल केवल व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और भरोसे को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

Related News