भागीरथपुरा में जन्मदिन पार्टी के बाद 30 से ज्यादा लोग बीमार, बोरिंग के पानी पर सवाल

Highlights भागीरथपुरा इलाके में जन्मदिन पार्टी के बाद 30 से ज्यादा लोग बीमार पड़े। भागीरथपुरा में दाल-बाफले और बोरिंग के पानी से फूड पॉइजनिंग का शक। खाने और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए है।

इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में एक बार फिर खुशियों का माहौल डर और दहशत में बदल गया। यहां आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी के बाद अचानक 30 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। शनिवार को आयोजित इस पार्टी में मेहमानों को दाल-बाफले और लड्डू परोसे गए थे, जिसके बाद रविवार से ही लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायतें होने लगीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पार्टी का खाना घर पर ही बनाया गया था, लेकिन इसमें सरकारी बोरिंग के पानी का उपयोग किया गया था। साथ ही लोगों को बोरिंग का ही पानी पिलाया गया। माना जा रहा है कि दूषित पानी के कारण ही लोग इतनी बड़ी संख्या में फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए हैं। बीमार लोगों में आयोजक परिवार के सदस्य और कई रिश्तेदार भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया।

भागीरथपुरा के निवासियों के लिए यह घटना किसी डरावने सपने से कम नहीं है। यह इलाका पिछले कुछ महीनों से दूषित पानी की समस्या से जूझ रहा है। दिसंबर 2025 से शुरू हुआ यह सिलसिला अब तक दर्जनों लोगों की जान ले चुका है। हाल ही में फरवरी की शुरुआत तक यहां दूषित पानी के कारण हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर 35 तक पहुंच चुका है। ऐसे में एक बार फिर सामूहिक रूप से बीमार पड़ने की इस घटना ने लोगों को मानसिक रूप से अवश्य प्रभावित किया है।

घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दाल-बाफले सहित अन्य व्यंजनों के सैंपल लिए हैं। इसके साथ ही जिस सरकारी बोरिंग के पानी का इस्तेमाल भोजन बनाने के लिए किया गया था, उसके भी सैंपल लिए गए हैं। इंदौर के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि 2 से 7 मरीज पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे थे, जिनका उपचार किया जा चुका है। अन्य मरीजों की जानकारी भी जुटाई जा रही है और उनसे संपर्क किया जा रहा है। हालांकि, लैब रिपोर्ट सामने आने पर ही यह साफ हो पाएगा कि इस घटना का मुख्य कारण भोजन है या दूषित पानी। जो भी कारण हो, लेकिन पूरे इलाके और इंदौर की जनता यही चाहेगी कि स्थिति एक बार फिर सामान्य हो जाए।

Related News