नेपाल के धाडिंग जिले से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है। सोमवार तड़के पृथ्वी हाईवे पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में गिर गई। इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है और 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई यात्रियों की हालत नाजुक है। जानकारी के मुताबिक, बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी। यह हादसा धाडिंग जिले के बेनिघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका के चारौंडी के पास हुआ। रात करीब 1.15 से 1.30 बजे के बीच अचानक बस उफनती त्रिशूली नदी में जा गिरी। अंधेरा अधिक होने के कारण शुरुआत में बचाव कार्य में दिक्कतें आईं, लेकिन स्थानीय लोग और सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर मदद के लिए पहुंच गए।
हादसे की खबर मिलते ही नेपाल सेना और नेपाल पुलिस की टीमें मौके पर तैनात कर दी गईं। नदी का तेज बहाव और ढलान वाला रास्ता होने के कारण घायलों को बाहर निकालना बहुत मुश्किल था। बचाए गए 25 लोगों में से 24 घायलों को बेहतर इलाज के लिए काठमांडू रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में न्यूजीलैंड के एक पर्यटक की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा एक जापानी और एक डच महिला भी इस हादसे में घायल हुई हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गजुरी कम्युनिटी अस्पताल भेज दिया गया है। यह बस रविवार शाम 7 बजे पोखरा के टूरिस्ट बस पार्क से रवाना हुई थी और इसे पृथ्वी राजमार्ग बस संचालक कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित किया जा रहा था।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर नेपाल के पहाड़ी रास्तों पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसकी वजह से ड्राइवर मोड़ पर संतुलन खो बैठा। हालांकि सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक, बस मालिक ओम कुमार श्रेष्ठ भी बस में सवार थे और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। बस ड्राइवर अभी भी लापता है।