नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुङ ने सरकार बनने के 26 दिन बाद अपने पद से दिया इस्तीफा

Highlights बिजनेसमैन दीपक भट्टा के साथ उनके संबंधों को लेकर विवाद सामने आने के बाद, सुधन गुरुङ ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा की जो राम राज्य की कामना करते है, उन्हें स्वयं भी नैतिक साहस दिखाने के लिए तत्पर रहना चाहिए। सुधन गुरुङ के इस्तीफे के बाद, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल ली है।

नेपाल की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। देश के गृह मंत्री सुधन गुरुङ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब हाल के दिनों में बिजनेसमैन दीपक भट्टा के साथ उनके व्यापारिक संबंधों को लेकर विवाद सामने आए हैं। दीपक भट्टा पर मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में जांच चल रही है। सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा, "हाल के दिनों में, नागरिकों द्वारा मेरे शेयरों और अन्य मुद्दों पर उठाए गए सवालों, टिप्पणियों और जनहित के मामलों को मैंने बहुत गंभीरता से लिया है। मेरे लिए, नैतिकता पद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है और जनता के विश्वास से बड़ी कोई शक्ति नहीं है।"

उन्होंने आगे बताया, "आज देश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए जो Gen Z का आंदोलन उभर रहा है, उसने भी यही संदेश दिया है। सार्वजनिक जीवन स्वच्छ होना चाहिए और नेतृत्व जिम्मेदार होना चाहिए। इसलिए, यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कि मुझसे जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच हो और पद पर रहते हुए हितों का कोई टकराव न हो, तथा इस प्रक्रिया पर मेरे पद का कोई प्रभाव न पड़े, मैंने आज से गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपनी ओर से अपनी नैतिक जिम्मेदारी पूरी कर दी है। यदि हम वास्तव में बदलाव चाहते हैं, तो हम सभी को सत्य, ईमानदारी और आत्म-शुद्धि के मार्ग पर चलना होगा। जो लोग 'राम राज्य' की कामना करते हैं, उन्हें स्वयं भी त्याग और नैतिक साहस दिखाने के लिए तत्पर रहना चाहिए।"

जानकारी के लिए बता दें कि सुधन गुरुङ ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और गोरखा-1 सीट से जीत हासिल की। उन्होंने नेपाली कांग्रेस (NC) के प्रेम कुमार खत्री को 14,498 वोटों के कम्फर्टेबल मार्जिन से हराया था। हाल ही में हुए चुनावों में सुधन को 29,896 वहीं प्रेम कुमार को 15,398 वोट्स प्राप्त हुए थे। 27 मार्च को ही उन्होंने गृह मंत्री का कार्यभार संभाला था और आज 22 अप्रैल को उन्होंने इस पद से इस्तीफा भी दे दिया है। राजनीति में कदम रखने से पहले सुधन, इवेंट मैनेजर और DJ के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

ताजा जानकारी के मुताबिक, उनके इस्तीफे के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल ली है। हालांकि सुधन गुरुङ बालेन शाह कैबिनेट के पहले मंत्री नहीं है, जिन्होंने त्यागपत्र दिया है। कुछ दिन पहले ही नेपाल के श्रम, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा मन्त्री दीपक कुमार साह भी रिजाइन कर चुके हैं। दीपक पर आरोप था कि उन्होंने अपनी पत्नी को गलत तरीके से हेल्थ इंश्योरेंस बोर्ड में शामिल किया था।

Related News