आज से महंगाई का नया झटका, कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े

Highlights 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में 195 से 218 रूपए तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। अब कोलकाता व मुंबई जैसे शहरों में एक 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2,208 और 2,031 रूपए में मिलेगा। फिलहाल एक राहत भरी खबर यह है कि घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

आज से नए महीने की शुरुआत के साथ एक बुरी खबर सामने आई है। 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में 195 से 218 रूपए तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। अब राजधानी दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में एक 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2,078.50 और 2,031 रूपए में मिलेगा। बात करें कोलकाता और चेन्नई की, तो इन शहरों में भी इनके दामों में बढ़ोतरी हुई है। इन शहरों में अब एक कमर्शियल सिलेंडर 2,208 और 2,246 रूपए में मिलेगा। इसके अलावा 5 किलो वाले मिनी सिलेंडर की कीमतों में भी 51 रूपए तक का उछाल देखा गया है।

दामों में इस अचानक उछाल की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही उथल-पुथल है। ईरान और इजराइल में लगातार बिगड़ते हालातों की वजह से कच्चे तेल और गैस की सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने का सीधा मतलब है कि अब बाहर खाना-पीना महंगा हो सकता है। हलवाई, रेस्टोरेंट मालिक और कैटरिंग का काम करने वाले लोग इसी 19 किलो वाले नीले सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं। जब उनकी लागत बढ़ेगी, तो वे खाने की थाली और नाश्ते के दाम भी बढ़ा सकते हैं। छोटे स्टॉल्स लगाने वाले लोग, जो छोटे सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए भी 51 रूपए की बढ़ोतरी काफी बड़ी है।

हालांकि, इस बीच आम घरों के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह अभी भी अपने पुराने रेट 913 रूपए पर ही मिल रहा है। 19 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडरों की कीमतों में आखिरी बार 7 मार्च को वृद्धि की गई थी। फिलहाल, सभी की नजरें अंतरराष्ट्रीय हालातों पर टिकी हैं। भारत में आम जनता को LPG के अलावा दूसरे विकल्पों की तरफ मुड़ने की सलाह भी दी जा रही है।

Related News