हनुमान जन्मोत्सव पर गौतम अडाणी ने अयोध्या में परिवार सहित किए प्रभु श्रीराम के दर्शन

Highlights गौतम अडाणी ने अपने परिवार सहित प्रभु श्रीराम के दर्शन किए। श्रीराम के दर्शन के बाद गौतम अडाणी ने श्री निशुल्क गुरूकुल महाविद्यालय का भी दौरा किया। इससे पूर्व गौतम अडाणी 2024 में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी अयोध्या पहुंचे थे।

अडाणी ग्रुप के चेयरमैन और बिजनेसमैन गौतम अडाणी आज 2 अप्रैल यानी हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभु श्रीराम के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी प्रीति अडाणी, बेटे करण अडाणी और बहू परिधि अडाणी भी मौजूद थे। गौतम अडाणी आज सुबह अपने प्राइवेट जेट से अयोध्या स्थित महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वो सीधे श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे।

दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे और मेरे परिवार को अयोध्या में भगवान राम के दर्शन का अवसर मिला। यह एक भावुक क्षण है, एक गौरवपूर्ण क्षण है। यह मंदिर केवल भक्ति का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक भी है। भगवान राम के आदर्श हमें सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान राम का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे और हमारा देश प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।" बताया जा रहा है कि वे करीब 30 मिनट मंदिर में रहे।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भी परिवार सहित तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "आज अयोध्या जी में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। श्रीराम का जीवन मर्यादा, करूणा और कर्तव्य का प्रतीक है और उनके आदर्श हमें निरंतर धर्म और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर इस पवित्र भूमि पर परिवार सहित आकर मन को असीम संतोष मिला। प्रभु श्रीराम और बजरंगबली भारत को एकता, साहस और समृद्धि का आशीर्वाद दें। सियावर रामचंद्र की जय।"

श्रीराम के दर्शन के बाद गौतम अडाणी ने श्री निशुल्क गुरूकुल महाविद्यालय का भी दौरा किया, जो मंदिर से मात्र 10 मिनट की दूरी पर स्थित है। इस गुरूकुल की स्थापना 1935 में स्वामी त्यागानन्द जी द्वारा की गई थी। गौतम अडाणी इससे पहले 22 जनवरी 2024 को भी राम लल्ला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे थे।

Related News