उधमपुर जिले में पैसेंजर बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गिरी, 13 लोगों की हुई मौत

Highlights बस कागोर्ट के पास एक अंधे मोड़ से गुजर रही थी, तभी ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और बस पहाड़ी से नीचे गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में करीब 33 लोग घायल भी बताए जा रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर शोक व्यक्त किया है।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले से आज एक दुःखद खबर सामने आई है। यहां के रामनगर इलाके में एक पैसेंजर बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गिर गई। इस हादसे में कम से कम 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं 33 लोगों के घायल होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक, ये बस रामनगर से उधमपुर जा रही थी। जब बस सुबह करीब 10 बजे कागोर्ट गांव के पास एक अंधे मोड़ से गुजर रही थी, तभी ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया और बस पहाड़ी से नीचे गिर गई। घटना की खबर मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

हादसे पर मीडिया से बात करते हुए उधमपुर के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर प्रेम सिंह चिब ने बताया, "यह हमारे ऊधमपुर जिले के लिए बहुत दुःखद खबर है। यह बस रामनगर से ऊधमपुर जा रही थी। इसमें छात्र, कर्मचारी और अन्य लोग सवार थे। अब तक, लगभग 13 से 14 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 33 लोग घायल हैं। इन घायलों में से 20 लोग रामनगर अस्पताल में हैं। इसके अलावा, डिविजनल कमिश्नर और DC द्वारा भी आदेश दिया गया है कि यदि किसी को हेलिकॉप्टर की आवश्यकता पड़ती है, तो उसे तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि हम घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान कर सकें और उनकी जान बचा सकें।"

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना के कारण हुई जान-माल की हानि के बारे में सुनकर बहुत दुःख हुआ। मैं उन लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। इस दुःखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) की ओर से 2 लाख रूपए की मुआवजा राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रूपए दिए जाएंगे।"

दुर्घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी दुःख जताया है। राज्य के मुख्यमंत्री कार्यालय ने X पर लिखा कि, "मुख्यमंत्री ने रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस के साथ हुई दुःखद सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिया कि सरकार दुःख की इस घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ पूरी दृढ़ता से खड़ी है, और उन्हें हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।"

Related News