पंजाब में बाढ़ से हाल हुए बेहाल, जनजीवन अस्तव्यस्त 1000 अधिक गांव डूबे

Highlights पंजाब में मानसून की भारी बारिश से 1000 से अधिक गांव डूबे। CM भगवंत मान ने प्रत्येक गांव में तैनात किए राजपत्रित अधिकारी। केंद्रीय मंत्री शिवराज ने लिया बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा।

लुधियाना: पंजाब में इस बार मानसून ने कहर बरपा दिया है। लगातार बारिश और नदियों के उफान के चलते राज्य के 1000 से ज्यादा गांव पानी में डूब गए हैं। खबरों का कहना है कि तकरीबन 1.71 हेक्टेयर कृषि भूमि पर खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। अब तक 43 लोगों की जान इस आपदा में जा चुकी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

बांध का जलस्तर खतरे के करीब :

मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो भाखड़ा बांध में जलस्तर 1680 फीट की अधिकतम क्षमता से केवल एक फीट नीचे पहुंच चुका है। प्रशासन ने अधिक पानी छोड़े जाने की स्थिति में रूपनगर और सतलुज नदी के किनारे बसे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

पंजाब सरकार की राहत व्यवस्था :

भारी बारिश को देखते हुए पटियाला प्रशासन ने पटरान और घग्गर नदी के आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हर बाढ़ प्रभावित गांव में एक राजपत्रित अधिकारी तैनात किया गया है ताकि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद हो सके। मान ने आश्वासन दिया कि बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य जारी हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाने वाली है।

'जल प्रलय' की स्थिति :

अब खबरें आ रही है शिवराज सिंह चौहान ने अमृतसर, गुरदासपुर और कपूरथला जिलों में प्रभावित किसानों से मुलाकात की। उन्होंने फसल और संपत्ति को हुए नुकसान को "जल प्रलय जैसी स्थिति" बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से दो टीमें पंजाब का दौरा कर नुकसान का आकलन कर रही हैं और जल्द ही रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी।

नुकसान का विशेष आकलन :

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विशेष गिरदावरी कराने के आदेश दिए हैं, ताकि बाढ़ से हुए नुकसान का सटीक आकलन किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों और प्रभावित परिवारों की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

Related News