अगर आप नौकरीपेशा व्यक्ति हैं और आपका प्रोविडेंट फंड (PF) कटता है, तो आपके लिए एक राहतभरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सिस्टम में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब आपको अपने PF की राशि निकालने के लिए किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जल्द ही आप यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में PF का पैसा मंगवा सकेंगे।
EPFO एक नया मोबाइल एप लॉन्च करने की तैयारी में है। यह एप UMANG एप से अलग होगा और सीधे ग्राहक के बैंक खाते से जुड़ा रहेगा। साथ ही, यह BHIM एप और अन्य UPI एप्स से भी लिंक होगा। इससे EPFO ग्राहकों को EPFO में जमा धनराशि को अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करने की सुविधा मिलेगी और फिर UPI के माध्यम से पैसे निकालना भी संभव हो सकेगा।
वर्तमान में EPFO से विड्रॉल यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है, लेकिन UPI के जरिए धनराशि निकालने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। भारतीय श्रम मंत्रालय एक ऐसे प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है, जिसके तहत EPF की एक निश्चित राशि को फ्रीज किया जाएगा और एक बड़ा हिस्सा UPI के माध्यम से बैंक खाते में विड्रॉल के लिए उपलब्ध होगा। जानकारी के मुताबिक, अप्रैल 2026 तक इस नए एप को लॉन्च किए जाने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार, ग्राहक इस मोबाइल एप में अपने जुड़े हुए बैंक खातों में ट्रांसफर के लिए एलिजिबल EPF बैलेंस देख सकेंगे।
यह सुविधा उन लोगों के लिए वरदान साबित हो सकती है, जिन्हें अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है। बीमारी, बच्चों की पढ़ाई, शादी या घर की मरम्मत जैसे कार्यों के लिए अब लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। शुरुआत में सरकार पैसे निकालने की लिमिट 25,000 रुपये तक सीमित रख सकती है, ताकि किसी तरह के फ्रॉड को रोका जा सके और सिस्टम सुरक्षित बना रहे। यह कदम भारत के डिजिटल इंडिया अभियान को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ-साथ करोड़ों कर्मचारियों की वित्तीय जरूरतों को और आसान बनाने में मदद करेगा।