प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात में किया 9700 करोड़ की विकास परियोजना का उद्घाटन

Highlights गुजरात दौरे पर पीएम मोदी सूरत पहुंचकर मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की प्रगति का लिया जायजा। पीएम मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि। गुजरात में रोड शो के बाद पीएम मोदी ने किया जनसभा को संबोधित।

नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार यानि आज 15 नवंबर 2025 को गुजरात के दौरे पर हैं। वे सूरत में बन रहे बुलेट ट्रेन स्टेशन पहुंच गए है, जहां मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति का जायजा भी ले रहे है। बुलेट ट्रेन शुरू होने के पश्चात दोनों शहरों के मध्य यात्रा समय करीब दो घंटे कम होगा। इसके पश्चात पीएम नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा जाने वाले है एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समारोह में शामिल हुए।

बिरसा मुंडा की जयंती पर पीएम मोदी ने दी पुष्पांजलि :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नर्मदा में भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की।​ इसके पश्चात पीएम मोदी ने गुजरात के नर्मदा क्षेत्र में आदिवासी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए गुजरात के 14 आदिवासी जिलों के लिए 250 बसों को हरी झंडी दिखाई। 

पीएम मोदी ने साधा कांग्रेस पर निशाना : 

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि,'आज श्री गोविंद गुरु के नाम से जनजातीय भाषा संवर्धन केंद्र की स्थापना की गई है। यहां भील, बसावा, गरासिया, कोंकिणी जैसी जनजातीय भाषा की बोलियों और गीतों को यहां संरक्षित किया जाएगा। देश में 6 दशक तक राज करने वाली कांग्रेस ने आदिवासियों को उनके हाल पर छोड़ा था। यहां कुपोषण, स्वास्थ, सुरक्षा, शिक्षा का अभाव रहा। आदिवासी क्षेत्रों में कनेक्टिवटी नहीं रही, यहीं उनकी पहचान बन गई थी। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पीएम मोदी ने कहा है कि 'स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। आजादी के बाद ये काम होना चाहिए था। लेकिन कुछ ही परिवारों को आजादी का क्रेडिट देने में इन लोगों को भुलाया गया।' उन्होंने कहा, 'पहले बिरसा मुंडा को याद नहीं किया जाता था। हमने तय कि हमारी अगली पीढ़ी को पता चले कि बिरसा मुंडा ने हमारे लिए क्या किया है। इसलिए हमने देश में कई ट्राइबल म्यूजियम बनाए जा रहे हैं। मैं छत्तीसगढ़ गया था वहां मैंने शहीद वीर नारायण सिंह म्यूजियम का शिलान्यास किया।'

गुजरात में पीएम मोदी का संबोधन :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आज गुजरात दौरे पर है, उन्होंने कुछ समय पहले ही रोड शो के माध्यम से लोगों का अभिवादन किया, इसके बाद उन्होंने 9700 करोड़ के कई प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन किया।​ वहीं उन्होंने संबोधन करते हुए कहा है कि "मां नर्मदा की यह पावन धरती आज एक और ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बन रही है। अभी 31 अक्टूबर को हमने यहां सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई थी। हमारी एकता और विविधता को सेलिब्रेट करने के लिए भारत पर्व शुरू हुआ और आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के इस भव्य आयोजन के साथ हम भारत पर्व की पूर्णता के साक्षी बन रहे हैं। मैं इस पावन अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा को प्रणाम करता हूं..."

पीएम मोदी ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा है कि "2021 में हमने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। जनजातीय गौरव हजारों वर्षों से हमारे भारत की चेतना का अभिन्न हिस्सा रहा है। जब-जब देश के सम्मान, स्वाभिमान और स्वराज की बात आई, तो हमारा आदिवासी समाज सबसे आगे खड़ा हुआ। हमारा स्वतंत्रता संग्राम इसका सबसे बड़ा उदाहरण है...स्वतंत्रता आंदोलन में ट्राइबल समाज के योगदान को हम भुला नहीं सकते..."

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है कि, "आदिवासी कल्याण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। हम हमेशा इस संकल्प को लेकर चलें कि हम आदिवासियों के साथ हो रहे अन्याय को समाप्त करेंगे, उन तक विकास का लाभ पहुंचाएंगे..."

 

Related News