राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज से की मुलाकात

Highlights द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात कर 27 मिनट एकांत में की बातचीत। इससे पूर्व उन्होंने की अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 150 किलो वजनी श्रीराम यंत्र की स्थापना। राष्ट्रपति के वृंदावन दौरे में दावानल कुंड दर्शन, रामकृष्ण मिशन कार्यक्रम और गोवर्धन परिक्रमा शामिल।

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन, शुक्रवार 20 मार्च को उन्होंने प्रसिद्ध संत श्री प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात की। यह मुलाकात मथुरा जिले के वृंदावन में स्थित आश्रम श्री हित राधा केलि कुंज में हुई थी। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू के साथ उनकी बेटी इतिश्री, दामाद गणेश और नातिनें आद्याश्री और नित्याश्री भी थीं। आश्रम के सेवकों द्वारा राष्ट्रपति मुर्मू का पुष्पमाला से स्वागत भी किया गया। बताया जा रहा है कि श्री प्रेमानंद जी महाराज और राष्ट्रपति मुर्मू के बीच करीब 27 मिनट तक एकांत में बातचीत भी हुई। इस मुलाकात के बाद राष्ट्रपति मुर्मू काफी अभिभूत नजर आईं।

इससे पूर्व राष्ट्रपति मुर्मू 19 मार्च को अयोध्या में थीं, जहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दूसरे तल पर 150 किलोग्राम वजनी और सोने की परत चढ़े हुए श्रीराम यंत्र की स्थापना की थी। इसके बाद वे मथुरा पहुंचीं। मथुरा पहुंचने के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने वहां प्रेम मंदिर तथा इस्कॉन मंदिर जाकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने इस्कॉन मंदिर में आरती में भी हिस्सा लिया और स्थानीय गुरुकुल के बच्चों को टॉफियां व चॉकलेट दीं और उनसे बातचीत की। हालांकि वहां भारी बारिश होने के कारण गौ-पूजन रद्द कर दिया गया था।

राष्ट्रपति मुर्मू आज वृंदावन में बाबा नीब करौरी की समाधि पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। साथ ही, वह वृंदावन में स्थित उड़िया बाबा आश्रम और दावानल कुंड का भी दर्शन करेंगी। आज राष्ट्रपति मुर्मू का वृंदावन में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन और वात्सल्य ग्राम का दौरा करने का कार्यक्रम भी निर्धारित है। इसके बाद 21 मार्च को राष्ट्रपति मुर्मू गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में दर्शन और आरती में भाग लेंगी। इसके अलावा वह गोवर्धन परिक्रमा भी करेंगी।

Related News