भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया की दुनिया में इतिहास रच दिया है। वे दुनिया के पहले ऐसे राजनेता और ग्लोबल लीडर बन गए हैं, जिनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) पर 100 मिलियन फॉलोअर्स हो गए हैं। ये मुकाम हासिल करने वाले वो एकलौते वर्ल्ड लीडर बन गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में उनका जलवा कायम है। इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन का आंकड़ा छूना ये दिखाता हैं कि युवाओं समेत हर आयु वर्ग के लोगों और सोशल मीडिया की दुनिया में उनका प्रभाव कितना अधिक है।
प्रधानमंत्री ने साल 2014 में इंस्टाग्राम जॉइन किया था। उनकी इंस्टाग्राम फीड (Instagram Feed) में नियमित रूप से सांस्कृतिक आयोजनों, अंतरराष्ट्रीय दौरों और आधिकारिक कार्यक्रमों की तस्वीरें शामिल होती हैं, जिससे उन्हें अलग-अलग तरह की ऑडियंस से जुड़ने में मदद मिलती है। उनकी पोस्ट पर मिलने वाले लाइक्स और तरह-तरह के कमेंट्स इस बात का सबूत है कि लोग उन्हें कितना पसंद करते हैं। अन्य नेताओं की तुलना में प्रधानमंत्री मोदी ने काफी पहले ही सोशल मीडिया की ताकत को पहचान लिया था। आज के दौर में युवाओं से जुड़ने और उनसे संवाद करने के लिए यही सबसे अच्छा और प्रभावी माध्यम है।
अगर हम विश्व के अन्य नेताओं से उनकी तुलना करें, तो प्रधानमंत्री मोदी उनसे बहुत आगे निकल चुके हैं। इस सूची में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 43.2 मिलियन ही है। यानि प्रधानमंत्री मोदी के फॉलोअर्स ट्रंप से दोगुने से भी ज्यादा हैं। इसी तरह इंडोनेशिया, ब्राजील, तुर्की और अर्जेंटीना जैसे देशों के शीर्ष नेताओं के फॉलोअर्स को अगर मिला लिया जाए, तब भी वे प्रधानमंत्री मोदी की बराबरी नहीं कर पा रहे हैं। जानकारी के लिए बता दें कि इंस्टाग्राम पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के करीब 15 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इनके अलावा ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के 14.4 मिलियन, तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन के 11.6 मिलियन और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
सिर्फ विदेश में नहीं, देश के अंदर भी सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी का कोई मुकाबला नहीं है। बात करें अन्य प्रमुख नेताओं की तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इंस्टाग्राम पर 29.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 16 मिलियन और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 12.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। अन्य दिग्गज नेताओं में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के 6.8 मिलियन, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के 3.3 मिलियन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 2.4 मिलियन और कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर के 2.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इन आंकड़ों से साफ पता चलता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से जुड़ने के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग कितना बखूबी किया है। आज के समय में जब पूरी दुनिया डिजिटल हो रही है, ऐसे समय में किसी नेता का इतना बड़ा फॉलोअर बेस होना, उसके देश की सॉफ्ट पावर को भी दिखाता है।