AAP द्वारा राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का पहला रिएक्शन आया सामने

Highlights राघव चड्ढा ने X पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो जनता से बात करते हुए नजर आ रहे है। राघव ने एक अन्य वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें सदन में अब तक उठाए गए मुद्दों का एक रिकैप है। राघव चड्ढा ने जनता द्वारा मिले प्रेम, शाबाशी और हौंसला बढ़ाने के लिए उन्हें धन्यवाद भी कहा।

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा को पार्टी के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद पहली बार उनका रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने अपने X अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर अपने दल के किसी सीनियर नेता का नाम नहीं लिया। इससे पहले उन्होंने एक अन्य वीडियो भी शेयर किया था, जो सदन में उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों एक क्विक रिकैप था। उपनेता पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने X पर 2.18 मिनट की एक वीडियो क्लिप जारी की, जिसका शीर्षक था, "खामोश करवाया गया हूँ, हारा नहीं हूँ।" इसमें वो कहते हुए पाए जा रहे हैं कि, "जब भी मुझे पार्लियामेंट में बोलने का मौका मिलता है, तो मै जनता मुद्दे उठाता हूँ और शायद ऐसे टॉपिक्स उठाता हूँ, जिन्हें आमतौर पर संसद में नहीं उठाया जाता।"

वे आगे कहते हैं कि, "क्या जनता के मुद्दे उठाना, पब्लिक इश्यूज पर बात करना कोई अपराध है? क्या मैने कोई गुनाह, कोई गलती कर दी? आज मै ये सवाल इसलिए उठा रहा हूँ, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सेक्रेटेरियट को कहा है कि राघव चड्ढा के बोलने पर रोक लगा दी जाए। अब भला कोई मेरे बोलने पर क्यों रोक लगाना चाहेगा? मै तो जब बात करता हूँ, देश के आम आदमी की बात करता हूँ। एयरपोर्ट पर मिल रहे महंगे खाने की बात करी, खाने में मिलावट का मुद्दा उठाया। टोल प्लाजा लूट से लेकर बैंक चार्जेस लूट तक का मुद्दा उठाया। ये तमाम इश्यूज मैंने सदन में उठाए। इन मुद्दों को उठाने के बाद देश के आम आदमी को फायदा हुआ। लेकिन इससे आम आदमी पार्टी को क्या नुकसान हुआ? भला कोई मुझे बोलने से क्यों रोकना चाहेगा? कोई मेरी आवाज को क्यों बंद करना चाहेगा?"

उन्होंने अंत में सदन में तमाम तरह के मुद्दों को उठाने के बाद जनता से मिले प्रेम, शाबाशी और हौंसला बढ़ाने के लिए उन्हें धन्यवाद कहा। राघव ने जनता से यह विनती भी की कि वे कभी उनका हाथ और साथ न छोड़े। उन्होंने आम लोगों से कहा, मै आपसे हूँ और आपके लिए हूँ। उन्होंने आखिर में चंद लाइनें भी दोहराई, जो हैं, "मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझिएगा, मै वो दरिया हूँ, जो वक्त आने पर सैलाब बनता है।" राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाए जाने के बाद से ही सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा अब तक अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। उनके द्वारा वीडियो के अंत में बोली गईं इन पंक्तियों को चेतावनी के तौर पर भी देखा रहा है।

जानकारी के लिए बता दें की राघव चड्ढा 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। इससे पूर्व राघव, फरवरी 2020 से मार्च 2022 दिल्ली की राजिंदर नगर सीट से विधायक भी रह चुके हैं। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष के तौर पर भी काम किया है। AAP द्वारा मात्र 33 वर्ष की आयु में उन्हें राज्यसभा भेजा गया था और उन्हें इस सदन में सबसे युवा सांसद के रूप में भी मान्यता प्राप्त है। चड्ढा का टर्म 2028 में खत्म हो जाएगा। उन्हें उपनेता पद से हटाए जाने के बाद इस बात पर भी शंका जताई जा रही है कि क्या उन्हें फिर से राज्यसभा भेजा जाएगा? राघव अपनी पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं की तुलना में थोड़े बेहतर ही नजर आए हैं, साथ ही वो युवा भी हैं। देखने वाली बात होगी कि क्या वे भविष्य में AAP का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) या किसी अन्य दल का हाथ थामेंगे या अपने राजनीतिक जीवन से संन्यास ले लेंगे।

Related News