राज्यसभा चुनाव : तृणमूल कांग्रेस ने उतारे 4 नए चेहरे, राजनीति से मनोरंजन तक बड़ा दांव

Highlights TMC ने राज्यसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। पूर्व DGP राजीव कुमार और मंत्री बाबुल सुप्रियो को मिला मौका। अभिनेत्री कोयल मल्लिक और वकील मेनका गुरुस्वामी भी सूची में शामिल।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए अपने 4 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। इस लिस्ट में कुछ ऐसे नाम शामिल हैं जिन्होंने सबको चौंका दिया है। पार्टी ने इस बार राजनीति, प्रशासन, कानून और मनोरंजन जगत के दिग्गजों को एक साथ मैदान में उतारा है। राज्यसभा जाने वाले इन 4 नामों में पश्चिम बंगाल पुलिस के पूर्व महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार, पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री बाबुल सुप्रियो, बंगाली फिल्मों की अभिनेत्री कोयल मल्लिक और सीनियर एडवोकेट मेनका गुरुस्वामी शामिल है।

इन नामों में सबसे ज्यादा चर्चा राजीव कुमार की हो रही है। वे पश्चिम बंगाल के पूर्व DGP रह चुके हैं और उन्हें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का करीबी अधिकारी माना जाता है। राजीव इसी साल 31 जनवरी को रिटायर हुए थे। उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा पुलिस पदक जैसे प्रतिष्ठित पदकों से भी सम्मानित किया जा चुका है। पुलिस की वर्दी उतारने के बाद अब वे राजनीति में नई पारी की शुरूआत करने जा रहे है। बाबुल सुप्रियो का नाम भी इस लिस्ट में प्रमुख है। गायक से नेता बने बाबुल पहले भाजपा में थे। वे 2014 से 2021 तक आसनसोल से सांसद रहे साथ ही केंद्र सरकार में राज्य मंत्री (MoS) भी रहे। हालांकि 2021 में उन्होंने TMC का दामन थाम लिया था। वे 2022 से बालीगंज से विधायक हैं और पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री हैं। अब पार्टी उन्हें दिल्ली भेजने की तैयारी कर रही है।

मनोरंजन जगत से कोयल मल्लिक का नाम सामने आना भी काफी दिलचस्प है। कोयल बंगाल की लोकप्रिय अभिनेत्री हैं और उनके पिता रंजीत मल्लिक भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे सफल और महान अभिनेताओं में से एक माने जाते हैं। उनका परिवार राजनीति से दूर रहा है और अपने परिवार से वो पहली सदस्य होंगी जो इस क्षेत्र में कदम रखने जा रही है। चौथी उम्मीदवार मेनका गुरुस्वामी हैं, जो देश की एक जानी-मानी वकील हैं। TMC ने X के जरिए इन उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा, "हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और आशा है कि वे तृणमूल कांग्रेस की अटूट दृढ़ता और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों और गरिमा की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की विरासत को कायम रखेंगे।"

Related News