इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इन दिनों एक खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB), जो IPL की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक है, अब बिल्कुल नए हाथों में चली गई है। जाने-माने उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला के नेतृत्व वाले आदित्य बिड़ला ग्रुप ने एक बड़े समूह के साथ मिलकर इस टीम को खरीद लिया है। ये सौदा करीब 1.78 बिलियन डॉलर में हुआ है, जो भारतीय रूपयों में 16,600 करोड़ रूपए से भी अधिक बैठता है। इसके साथ ही RCB, IPL इतिहास में बिकने वाली सबसे महंगी टीम बन गई है। बता दें कि इस समूह में आदित्य बिड़ला ग्रुप के साथ द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल हैं।
इस पूरी खबर में खास बात ये है कि अब RCB के नए चेयरमैन आर्यमन बिड़ला होंगे। आर्यमन के लिए क्रिकेट कोई नया क्षेत्र नहीं है। वे खुद भी एक प्रोफेशनल क्रिकेटर रह चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश के लिए खेल चुके हैं। इतना ही नहीं, वे IPL में राजस्थान रॉयल्स (RR) टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। 2018 के IPL ऑक्शन में RR ने उन्हें 30 लाख रूपए में खरीदा था। हालांकि, वे एक भी मैच नहीं खेल पाए। एक खिलाड़ी से टीम के चेयरमैन बनने तक का ये सफर वाकई दिलचस्प है। आर्यमन 9 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं, जहां उन्होंने 27.60 की औसत से 414 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है।
बता दें कि RCB को अब तक डियाजियो (Diageo) के स्वामित्व वाली यूनाइटेड स्पिरिट्स (United Spirits) कंपनी चला रही थी। क्रिकेट से ब्रेक लेने के बाद, आर्यमन कॉर्पोरेट जगत में आ गए और धीरे-धीरे आदित्य बिड़ला ग्रुप के भीतर लीडरशिप की भूमिकाएं निभाने लगे। उनके पास हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से MBA (ऑनर्स), बेज बिजनेस स्कूल से ग्लोबल फाइनेंस में मास्टर्स डिग्री और मुंबई यूनिवर्सिटी से बैचलर्स की डिग्री है। इस साल RCB लगातार दूसरी बार IPL ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।