ओडिशा राजनीति में बगावत : राज्यसभा में क्रॉस-वोटिंग पर कांग्रेस ने तीन विधायकों को किया निलंबित

Highlights कांग्रेस ने क्रॉस-वोटिंग के आरोप में तीन विधायकों को निलंबित किया। विधायकों ने पार्टी व्हिप तोड़कर भाजपा समर्थित दिलीप राय को वोट दिया। इस घटनाक्रम से राज्यसभा की चौथी सीट पर विपक्ष की रणनीति फेल हो गई।

ओडिशा की राजनीति में इन दिनों काफी उथल-पुथल मची हुई है। हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों के नतीजों के बाद कांग्रेस पार्टी ने एक बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने अपने 3 विधायकों को क्रॉस-वोटिंग के आरोप में निलंबित कर दिया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया और राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार को वोट दिया। जिन नेताओं पर गाज गिरी, उनमें सनाखेमुंडी के विधायक रमेश चंद्र जेना, बाराबती-कटक की विधायक सोफिया फिरदौस और मोहना के विधायक दशरथी गोमांगो शामिल हैं। इसे लेकर ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (OPCC) ने अपने X अकाउंट पर लिखा कि, "जो लोग कांग्रेस से विश्वासघात करते हैं, वो देश से विश्वासघात करते हैं" और "विरोधी बाहर से आप पर हमला करते हैं, गद्दार आपको अंदर से कमजोर करते हैं।"

कांग्रेस ने कल ही सम्पन्न हुए राज्यसभा चुनावों में अपने विधायकों को पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार को वोट देने के लिए व्हिप जारी किया था, लेकिन इन तीनों ने भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी दिलीप राय को वोट दिया। इससे पूर्व दिलीप 1985-1995 तक विधायक और 1996-2002 तथा 2002-2008 तक राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। साथ ही वे केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। दरअसल, पूरा मामला राज्यसभा की चौथी सीट को लेकर फंसा हुआ था। कांग्रेस ने इस सीट पर बीजू जनता दल (BJD) के साथ मिलकर डॉ. दत्तेश्वर होता को साझा उम्मीदवार बनाया था। विपक्षी दलों की योजना थी कि साथ मिलकर भाजपा को इस सीट पर रोका जाए। लेकिन जब चुनाव हुए, तो इन विधायकों ने पाला बदल लिया और दिलीप राय की जीत हो गई।

इस घटना पर OPCC के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि रमेश, दशरथी और सोफिया ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। उनसे इस तरह के विश्वासघात की उम्मीद नहीं थी। हम सुनिश्चित करेंगे कि संविधान के दसवें शेड्यूल के प्रावधानों के तहत उन्हें निष्कासित किया जाए। इस चुनाव में क्रॉस-वोटिंग न हो, इसके लिए ओडिशा कांग्रेस के कई विधायकों को बेंगलुरु के एक रिसॉर्ट तक भेजा गया था। जानकारी के लिए बता दें कि कल राज्यसभा की 11 सीटों पर हुए चुनावों में NDA के 9 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। इनमें नीतीश कुमार और नितिन नवीन जैसे नाम प्रमुख हैं।

Related News